Asian Games : एशियन गेम्स का 20वां एडिशन आज से जापान के आइची-नागोया में शुरू हो रहा है। इसमें 45 देशों के खिलाड़ी 43 खेलों के 469 मेडल के लिए खेलेंगे। भारत की ओर से 314 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में किस्मत आजमाएंगे। बता दें कि एशियन गेम्स पहली बार 1951 में नई दिल्ली में हुए थे। तब 11 देशों ने 6 खेलों में हिस्सा लिया था। भारत ने अब तक दो बार, 1951 और 1982 मे, इन खेलों की मेजबानी की है।
भारत के खिलाड़ी 35 खेलों में लेंगे हिस्सा
भारत के 501 खिलाड़ी 36 खेलों में उतरेंगे। इनमें 267 पुरुष और 234 महिलाएं हैं। 314 खिलाड़ी पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय दल का करीब 63 प्रतिशत हिस्सा डेब्यूटेंट है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भारतीय दल के सबसे युवा और 55 साल की श्रुति वोरा सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। वैभव क्रिकेट और श्रुति घुड़सवारी में हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों की संख्या के लिहाज से एथलेटिक्स में 79, हॉकी में 40, क्रिकेट और शूटिंग में 30-30, कबड्डी में 24 और रोइंग में 22 भारतीय खिलाड़ी हैं।
भारत कितने इवेंट में चुनौती पेश करेगा?
भारत 43 में से 36 खेलों के कुल 256 इवेंट में हिस्सा लेगा। इनमें एथलेटिक्स के 43, शूटिंग के 27, कयाकिंग-कैनोइंग के 14, साइकिलिंग ट्रैक के 11 और बैडमिंटन के 7 इवेंट शामिल हैं। क्रिकेट में पुरुष और महिला दोनों टीमें टी-20 प्रारूप में खेलेंगी।
ओलिंपिक का टिकट भी मिलेगा
आइची-नागोया एशियन गेम्स को लॉस एंजेलिस 2028 ओलिंपिक के लिए चार खेलों में क्वालिफिकेशन पाथवे बनाया गया है। आर्चरी, हॉकी, स्क्वॉश और टेनिस। स्क्वॉश में पुरुष और महिला सिंगल्स के चौंपियन को ओलिंपिक कोटा मिलेगा। हॉकी के पुरुष और महिला चौंपियन भी ओलिंपिक कोटा हासिल कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए संबंधित खेल के क्वालिफिकेशन नियम लागू होंगे।
नागोया में आयोजन का तरीका और थीम क्या है?
इस बार पारंपरिक एथलीट विलेज नहीं बनाया गया है। खिलाड़ियों के लिए होटल, अस्थायी कंटेनर हाउस और कोस्टा सेरेना क्रूज शिप का इस्तेमाल होगा। प्रतियोगिताएं जापान के 54 वेन्यू पर होंगी। आइची-नागोया गेम्स की आधिकारिक थीम ‘एक एशिया की कल्पना’ है। भारत में एशियन गेम्स का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और डिजिटल स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर होगी। दैनिक भास्कर एप पर गेम्स की लाइव कवरेज और अपडेट मिलेंगे।
भारत के किन खिलाड़ियों पर नजर रहेगी?
अनाहत सिंह- वर्ल्ड जूनियर स्क्वॉश चौंपियन बनीं। टॉप-20 स्क्वॉश रैंकिंग में पहुंचने वाली सबसे युवा एशियाई महिला बनीं।
ईशा सिंह- म्यूनिख वर्ल्ड कप में 25 मीटर पिस्टल का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
ज्योति सुरेखा वेन्नम- 2023 एशियन गेम्स में तीन गोल्ड जीत चुकी हैं। इस बार भी कंपाउंड आर्चरी में भारत की बड़ी उम्मीद हैं।
गुलवीर सिंह- 5,000 और 10,000 मीटर के भारतीय रिकॉर्ड उनके नाम हैं। 2025 एशियन एथलेटिक्स चौंपियनशिप में दोनों इवेंट में गोल्ड जीते थे।
अविनाश साबले- 2023 एशियन गेम्स में 3000 मीटर स्टीपलचेज का गोल्ड जीत चुके हैं।
पारुल चौधरी- 2023 में 5000 मीटर का गोल्ड और स्टीपलचेज का सिल्वर जीता था।
अंसी सोजन- 2026 में 6.88 मीटर की छलांग लगाकर अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना भारतीय लॉन्ग जंप रिकॉर्ड तोड़ा।
मीराबाई चानू- 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरा गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला वेटलिफ्टर बनीं।
अमन सहरावत- पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज जीतने के बाद अब एशियन स्तर पर पदक बढ़ाने के लिए उतरेंगे।
यह भी पढ़ें –अफगानिस्तान से तीसरा T-20 आज, पहला इंटरनेशनल मैच खेल सकते हैं वैभव सूर्यवंशी
यह भी देखें – राजकीय महाविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन | 6 कमरों में कॉलेज संचालन पर सवाल | Students Protest



