Herding of Councilors : प्रदेश में निकाय चुनाव परिणाम आने के बाद निगमों में मेयर, डिप्टी मेयर और परिषद, पालिकाओं में अध्यक्ष बनाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्टीयां अपने पार्षदों की बाडेबंदी करने में जुटी हैं, बहुमत जुटाने के लिए निर्दलीय पार्षदों को लुभाने में लगी हैं। हालांकि जहां भाजपा और कांग्रेस को बहुमत मिल गया वहां नामांकन की प्रक्रिया जारी है। जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में मेयर के साथ सुकेत नगर पालिका में चेयरमैन के नामांकन के लिए आज आखिरी दिन है।
भाजपा ने जयपुर-जोधपुर मेयर प्रत्याशियों की घोषणा की
भाजपा ने जयपुर और जोधपुर में मेयर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने जयपुर में सुनील कोठारी को मेयर प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी ने कोठारी के नाम की आधिकारिक घोषणा की। जोधपुर में भाजपा के मेयर उम्मीदवार प्रसन्नचंद मेहता ने नॉमिनेशन भर दिया है। कोटा में बगावत के डर से पार्टी अब तक प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है। वैसे कांग्रेस की मेयर कैंडिडेट सुनीता सुमन ने नामांकन भर दिया है। कांग्रेस में जयपुर-जोधपुर के लिए अब तक नामों की सहमति नहीं बन पाई है।
जोधपुर में 4 प्रत्याशियों से नामांकन करवाएगी कांग्रेस
जोधपुर में कांग्रेस 4 प्रत्याशियों से नामांकन करवाएगी। कांग्रेस नेता राजेंद्र सोलंकी ने बताया- 4 में से जिस एक नाम पर सहमति बनेगी उसका समर्थन करेंगे। हालांकि कौन प्रत्याशी होगा अभी ये स्पष्ट नहीं किया है। उन्होंने बताया कि बीजेपी के बाड़ेबंदी में बंद कांग्रेस समर्थित निर्दलीय पार्षद से बात हो गई है, वे हमारे साथ हैं।
अजमेर में कांग्रेस ने किया सद्बुद्धि यज्ञ
अजमेर में कांग्रेस ऑफिस में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस नेता विवेक पाराशर ने बताया- यह आयोजन भाजपा के कथित अलोकतांत्रिक और तानाशाही कृत्यों के विरोध में किया जा रहा है। यज्ञ के जरिए भाजपा को सद्बुद्धि देने और लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने की कामना की जा रही है। विवेक पाराशर ने बताया- अजमेर नगर निगम मेयर चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी किरण गढ़वाल का नामांकन खारिज कराने के लिए भाजपा की ओर से विभिन्न हथकंडे अपनाए गए थे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से रातों-रात फाइलें चोरी करने और नामांकन रद्द कराने के प्रयास किए गए।
अलवर, कोटा, जयपुर में पार्षदों की बाडेबंदीयां –
अलवर में वार्ड 40 से निर्दलीय चुनाव जीतीं अनीता देवी बीजेपी की बाड़ेबंदी में चली गईं। इससे नाराज कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों ने अनीता देवी के 2 समर्थकों के साथ मारपीट कर दी। दोनों को अलवर जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। कोटा में भाजपा के पार्षदों की बाड़ाबंदी- कोटा में बीजेपी में मेयर-डिप्टी मेयर को लेकर पेंच फंस गया है। बगावत के डर से पार्टी ने रातों रात पार्षदों की बाड़ाबंदी की और उन्हें चित्तौड़गढ़ ले गए। 2 महिला सहित 5 पार्षद पारिवारिक कारण बताकर बाड़ेबंदी में नहीं गए। जयपुर के भाजपा पार्षदों को पुष्कर भेजा- जयपुर के बीजेपी पार्षदों को पुष्कर शिफ्ट किया। जयपुर के भाजपा पार्षदों की बगरू के होटल में बाड़ाबंदी की गई थी। शुक्रवार देर रात को सभी पार्षदों को पुष्कर के द सूर्या गोल्डन पैलेस होटल में शिफ्ट कर दिया।
पूर्व मंत्री का पुलिस पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप
पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने निकाय चुनाव को लेकर पुलिस पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाया। शकुंतला रावत ने वीडियो जारी कर कहा- पुलिस कांग्रेस पार्षदों के घर जाकर धमका रही है और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा रही है। रावत ने कहा- ये अधिकारी और कर्मचारी सरकार के लिए काम कर रहे हैं या भाजपा के लिए। थानाधिकारी, डीएसपी सब बिक गए हैं। अगर डबल इंजन की सरकार है तो क्यों डर रहे हैं ये हमसे। क्यों ये हमारे प्रत्याशियों के घर जा रहे हैं। उनके खिलाफ वारंट जारी कर रहे हैं। जनता की सेवा के लिए पुलिस होती है न कि पार्टी के लिए। इन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। शर्म की बात है।
यह भी पढ़ें –जयपुर नगर-निगम की री-पोलिंग में चारों सीटों पर कांग्रेस जीती
यह भी देखें- राजकीय महाविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन | 6 कमरों में कॉलेज संचालन पर सवाल | Students Protest



