Ravneet Bittu : लुधियाना में सीएम भगवंत मान के काफिले पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंडे-टमाटर फेंके। प्रदर्शन के दौरान पंजाब पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में ले लिया। बिट्टू ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के गेट के पास मुख्यमंत्री के काफिले की ओर शराब की बोतल लहराते हुए कहा कि वह मान को बोतल लौटा रहे हैं। बिट्टू ने कहा-भगवंत मान अपनी शराब का आनंद लो और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से पंजाब को लूटने दें।
बिट्टू ने किया पोस्ट
हिरासत में लिए जाने के बाद बिट्टू के एक्स हेंडल से पोस्ट किया गया-लोगों की आवाज को हिरासत और पर्चे से दबाया नहीं जा सकता। आज पंजाब पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है, लेकिन हमारा हौसला बुलंद है। बता दें कि एक दिन पहले भाजपा की नशा मुक्त रथ यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला हो गया था। बिट्टू शुक्रवार (18 सितंबर) को अमृतसर से पठानकोट में यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
मेरे पर फेंके अंडे-टमाटर वापस किए
पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत बिट्टू ने कहा- एक दिन पहले बटाला के पास मेरे काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए थे, आज प्रदर्शन के दौरान यही वापस किए गए। मेरे काफिले पर हमले में गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया था, यह सब आम आदमी पार्टी ने ही कराया था।
आप को भाजपा देगी जवाब
भाजपा नेता बिट्टू ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, रैलियों और यात्राओं का विरोध करेंगे तो भाजपा कार्यकर्ता भी पंजाब सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब से जुड़े मुद्दे लगातार उठाती रहेगी।
CM के कार्यक्रमों के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी
बिट्टू ने कहा कि जरूरत पड़ने पर भाजपा मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों और कार्यालयों के बाहर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने पंजाब सरकार पर पुलिस कार्रवाई के जरिए राजनीतिक विरोध की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें –TMC का नाम और सिंबल को लेकर ममता सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं, रेजीनगर से चुनाव लड़ेंगे चौधरी
यह भी देखें – राजकीय महाविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन | 6 कमरों में कॉलेज संचालन पर सवाल | Students Protest


