Tourism : राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी से मुलाकात की। इस दौरान पर्यटन उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों और विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के विभिन्न संभागों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई सुझाव रखे। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कोटा में राष्ट्रीय स्तर का ट्रैवल मार्ट आयोजित करने का प्रस्ताव
प्रतिनिधिमंडल ने कोटा में राष्ट्रीय स्तर का दूसरा ट्रैवल मार्ट आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। फेडरेशन का कहना है कि इससे कोटा और हाड़ौती क्षेत्र को देश-विदेश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय होटल, ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी उद्योग को बड़ा लाभ होगा।
बाड़ां में पर्यटन विभाग के नए कार्यालय खोलने की मांग
बैठक के दौरान बाड़ां क्षेत्र में पर्यटन विभाग के नए कार्यालय स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधियों का कहना था कि इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जा सकेगा।
बीकानेर संभाग में भव्य पर्यटन आयोजन पर भी चर्चा
होटल फेडरेशन ने बीकानेर संभाग में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों का एक भव्य आयोजन कराने का प्रस्ताव भी रखा। इसके अलावा पर्यटन उद्योग से संबंधित विभिन्न विकासात्मक विषयों पर भी उपमुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
ये रहे बैठक में मौजूद पदाधिकारी
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान, महासचिव रणविजय सिंह, बीकानेर संभाग अध्यक्ष खुशाल पारीक, बाड़ां अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, सचिव महेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष संदीप गोगिया, सीताराम, संदीप सिंह सहित बीकानेर, कोटा और बाड़ां से आए कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये रहे मुख्य बिंदु
-होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान ने डिप्टी सीएम दिया कुमारी से की मुलाकात।
-पर्यटन विकास से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे गए।
-कोटा में राष्ट्रीय स्तर का ट्रैवल मार्ट आयोजित करने की मांग।
-बाड़ां में पर्यटन विभाग के नए कार्यालय खोलने का प्रस्ताव।
-बीकानेर संभाग में पर्यटन संगठनों के भव्य आयोजन पर चर्चा।
-उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर समाधान का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें : न्यू बिजनेस अनलॉक, तिलक लगाकर महीने के 70 हजार कमाओ, हर्ष गोयनका ने शेयर किया VIDEO
यह भी देखें: वोट लिया, विकास नहीं दिया’ विधायक राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पर ग्रामीणों का बड़ा आरोप



