Ram Navami 2026- रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को जयपुर शहर में दो भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं. शहर के परकोटे सहित कई प्रमुख बाजारों और मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा.
सूरजपोल से चांदपोल तक शोभायात्रा
श्री रामकृष्ण जयंती महोत्सव समिति ट्रस्ट की ओर से शाम 4 बजे सूरजपोल अनाज मंडी से शोभायात्रा निकलेगी जो चांदपोल स्थित श्रीराम मंदिर तक पहुंचेगी. यह यात्रा सूरजपोल गेट, रामगंज चौपड़, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता और त्रिपोलिया बाजार से होकर गुजरेगी.
कैसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
- शोभायात्रा शुरू होने से 15 मिनट पहले ही मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा
- पूरे रूट पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी
- गलता गेट, घाटगेट, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट और रामगढ़ मोड़ से परकोटे में बस और अन्य सार्वजनिक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा
- प्रमुख चौपड़ों और बाजारों की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा
- एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं को छूट दी जाएगी
झांकियां और सुसज्जित लवाजमा रहेगा आकर्षण
- 35 झांकियां जिनमें रामचरितमानस के प्रसंग दर्शाए जाएंगे
- 5 हाथी, 8 ऊंट और 8 घोड़े शोभायात्रा में शामिल होंगे
- विद्युत झांकियां और धार्मिक प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेंगी
- रात 10:30 बजे महाआरती के साथ समापन होगा
जैकब रोड से श्याम नगर तक दूसरी शोभायात्रा
दूसरी शोभायात्रा प्राचीन शिव हनुमान मंदिर जैकब रोड से शुरू होकर हसनपुरा, हटवाड़ा रोड, अजमेर रोड, न्यू सांगानेर रोड और रामपथ मार्ग से होते हुए श्याम नगर स्थित हरिहर मंदिर पहुंचेगी.
यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाहें, कई राज्यों में हड़कंप, MP-Gujrat में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़
क्या रहेगा खास
- अखाड़ों के प्रदर्शन और संतों के उद्बोधन
- सभी प्रतिभागियों को पहचान पत्र जारी किए गए
- 20 कलाकारों द्वारा नासिक ढोल की प्रस्तुति
- विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक झांकियां
हसनपुरा क्षेत्र में मुस्लिम समाज द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा जो आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करेगा.
यह भी देखें : जयपुर में LPG संकट! छोटे कारोबारी अब भट्टी जलाने को मजबूर
प्रशासन की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.



