Retired Soldier Murder Case:राजस्थान के कोटा में रिटायर्ड फौजी मनोज शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात की साजिश मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी. रिटायर्ड फौजी के घर में शराब पीने के बाद आरोपी प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी. उसके दोस्त ने दोनों पैर पकड़े. गला दबाने पर भी जब मनोज शर्मा की मौत नहीं हुई तो उसकी पत्नी साड़ी लेकर आई, जिसके बाद उसके प्रेमी ने साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी.
पत्नी से मारपीट करते थे रिटायर्ड फौजी
डीएसपी मनीष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मनोज शर्मा के हत्या के मामले में पता चला है कि वो अपनी पत्नी दीपिका के साथ मारपीट करते थे. घटना वाली रात दीपिका शर्मा ने अपने प्रेमी देवेश शर्मा को घर बुलाया. देवेश अपने साथी विष्णु को भी साथ लेकर आया. दोनों ने रिटायर्ड फौजी के साथ मिलकर शराब पी. जिसके बाद पति-पत्नी के बीच झगड़े की बात को लेकर प्रेमी देवेश की रिटायर्ड फौजी से कहासुनी हो गई. इसके बाद आरोपियों ने मनोज शर्मा का गला घोंट दिया. रिटायर्ड फौजी की हत्या के बाद आरोपी देवेश और विष्णु चले गए. अगले दिन सुबह वापस दोनों रिटायर्ड फौजी के घर पहुंचे और उनके अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गए. जब पड़ोसियों को शक हुआ तो दोनों वहां से भाग गए. आरोपी देवेश ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया. जिसके बाद वो फरारी काटने के लिए करौली के हिंडौन सिटी जाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
यह भी पढ़ें: जोसेफ विजय उर्फ थलपति विजय तमिलनाडू की राजनीति के ‘शाइनिंगस्टार’
रिटायर्ड फौजी का जानकर था उनकी पत्नी का प्रेमी
आरोपी देवेश कोटा के खेड़ली फाटक इलाके का रहने वाला है. मृतक मनोज शर्मा का परिवार काफी सालों से खेड़ली फाटक इलाके में रह रहा है. देवेश और मनोज एक-दूसरे के जानकार थे. देवेश का मनोज के घर आना-जाना था. रिटायर्ड फौजी 4-5 महीने से अजमेर में जॉब करने लगा था. उनकी पत्नी दीपिका अपने बच्चों के आवली में ही रह रही थी. मनोज शर्मा कभी-कभी छुट्टियों में घर आता था. जिसका फायदा उठाते हुए देवेश मनोज की पत्नी दीपिका से मिलता था. दीपिका देवेश को कहती थी कि उसका पति मनोज उसके साथ मारपीट करता है और पैसे भी नहीं देता. रिटायर्ड फौजी को भी दीपिका और देवेश के बीच रिश्ते का अंदेशा था, जिसके वजह से हत्या से कुछ घंटे पहले उसका अपनी पत्नी से झगड़ा भी हुआ था. जिसके बाद पत्नी ने अपने प्रेमी देवेश को बुलाया था.
हत्या से पहले देवेश अपने दोस्त विष्णु को साथ लेकर रिटायर्ड फौजी के घर पहुंचा. जहां उन्होंने मनोज के साथ मिलकर शराब पी और झगड़े के बाद उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद दीपिका ने अपने पीहर वालों को मनोज की मौत की सूचना दी थी. जिसके बाद उसकी मां और बहन वहां पहुंची थी. रिटायर्ड फौजी के परिजनों के वहां पहुंचने से पहले ही दीपिका की मां और बहन वहां से निकल गई.



