Nitin Nabin Rajasthan Visit: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज राजस्थान के दौरे पर हैं. जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे यहां से हेलीकॉप्टर से टोंक रवाना हो गए हैं. टोंक में नितिन नबीन नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा बीजेपी अध्यक्ष बूंदी, बाड़मेर, चूरू, जालोर, डूंगरपुर और पाली जिला कार्यालयों का वर्चुअली उद्घाटन करने वाले हैं. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी उनके साथ मौजूद रहेंगे. इसके साथ ही नितिन नबीन टोंक के भीम राव अंबेडकर स्टेडियम के पास स्थित नए बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे.
सीएम और प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर नितिन नबीन का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने स्वागत किया. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और दीया कुमारी भी मौजूद रही. सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि राजस्थान की पावन धरा पर पधारने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत व सत्कार किया. आपका आगमन प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला है. संगठन की मजबूती और जन-कल्याण के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु आपका सानिध्य सदैव प्रेरणादायी रहता है.
यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर बताया क्यों छोड़ी बीजेपी? कहा- 1-2 व्यक्ति गलत हो सकते हैं लेकिन 7 नहीं…
“सभी में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा”
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का त्याग, वीरता और शौर्य की पावन धरा राजस्थान आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन किया. माननीय अध्यक्ष का यह आगमन हम सभी में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा.
करीब 30 हजार कार्यकर्ता सभा में होंगे शामिल
टोंक बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह ने बताया कि नवनिर्मित बीजेपी कार्यालय के सामने सभा स्थल बनाया गया है. इस सभा में करीब 30 हजार बीजेपी कार्यकर्ताओं के शामिल होने के अनुमान है. पंडाल में करीब 10 हजार कुर्सियां लगाई गई है.



