Gym : अगर आप थोडे दिनों में अपना शरीर हष्टपुष्ट करने की सोच रहे हैं और इसके लिए जिम जाने की सोच रहे हैं या जिम जाते हैं तो आपको सचेत हो जाना चाहिए। जानकारी के अनुसार वर्कआउट के दौरान लिए जाने वाले सप्लीमेंट्स और स्टेरॉयड आपके शरीर के लिए घातक सिद्ध हो सकते हैं. ऐसा ही एक डराने वाला मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके से सामने आया है, जहां फिटनेस ट्रेनिंग के नाम पर एक युवक को खतरनाक इंजेक्शन और स्टेरॉयड दिए गए, जिससे उसका शरीर बुरी तरह खराब हो गया है. पीड़ित युवक ने थाने में मामला दर्ज कराया है जिसमें मेडिकल जांच रिपोर्ट भी शामिल है. हालांकि अभी तक जिम संचालक का पक्ष सामने नहीं आया है.
फिटनेस के नाम पर 80 हजार की वसूली और गलत इलाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक कमल कांत त्यागी उर्फ विक्की त्यागी ने इंदिरापुरम स्थित एएसआर फिटनेस जिम के संचालक गुलजार खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कमल कांत का कहना है कि वह इस जिम में एक्सरसाइज करने जाते थे. इसी दौरान जिम संचालक ने उन्हें बेहतर फिटनेस और शानदार बॉडी बनाने का झांसा दिया. इस झांसे में फंसाकर उनसे करीब 80 हजार रुपये वसूले गए, जिसमें कुछ रकम यूपीआई के जरिए और बाकी नकद ली गई. इसके बदले उन्हें अनट्रेंड तरीके से कई दवाइयां और स्टेरॉयड के इंजेक्शन दिए गए.
मेडिकल रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा-कूल्हा हुआ डेड
गलत तरीके से दिए गए इन इंजेक्शनों का असर पीड़ित युवक के शरीर पर इतना बुरा हुआ कि उनके कूल्हे का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है. पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें एवस्क्यूलर निक्रोसिस (एवीएन) नाम की गंभीर बीमारी हो गई है. रिपोर्ट से पता चलता है कि यह बीमारी चौथी अवस्था में पहुंच चुकी है, जिसका मतलब है कि उनके दाहिने कूल्हे की हड्डी को खून की सप्लाई रुकने के कारण वह अंदर से गलकर चपटी हो चुकी है. डॉक्टरों ने इसे इंजेक्शन का खतरनाक साइड इफेक्ट बताया है.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू
शरीर पर हुए इन खतरनाक साइड इफेक्ट्स के बाद पीड़ित कमल कांत त्यागी ने इंदिरापुरम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित का आरोप है कि जिम संचालक ने जानबूझकर उन्हें गलत दवाइयां दीं जिससे उनकी जान को खतरा पैदा हो गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी जिम ट्रेनर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है. पीड़ित ने मांग की है कि ऐसे अनट्रेंड जिम ट्रेनर्स पर सख्त कार्रवाई हो जो युवाओं की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें : बालों की ग्रोथ के लिए बादाम का तेल या नारियल का तेल रहेगा बेहतर
यह भी देखें : 13 मई 2008 जयपुर की वो खौफनाक शाम जिसे आज भी कोई नहीं भूल पाया | KBP Times



