Terror Attack In Balochistan: पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने बलूचिस्तान में आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 35 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है. यह कार्रवाई मंगला जरघून घर इलाके में की गई, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने कई आतंकी ठिकानों को भी ध्वस्त कर दिया. बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के मुताबिक, अभियान के दौरान तीन वरिष्ठ आतंकी कमांडरों को गिरफ्तार किया गया है. यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था. हाल के दिनों में बलूचिस्तान में बढ़ती आतंकी गतिविधियों और सैनिकों पर हमलों के बाद पाकिस्तान ने यह बड़ा कदम उठाया है.
बलूचिस्तान में आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन
पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने बलूचिस्तान प्रांत के मंगला जरघून घर इलाके में व्यापक सैन्य अभियान चलाकर 35 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है. यह ऑपरेशन 13 मई से लगातार जारी था और बीते चार दिनों में सुरक्षाबलों ने कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया. अभियान के दौरान तीन वरिष्ठ कमांडरों को भी गिरफ्तार किया गया है.
खुफिया जानकारी के आधार पर हुई कार्रवाई
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने क्वेटा में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उसके सहयोगी संगठनों के खिलाफ चलाया गया. उन्होंने कहा कि पहले गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने यह कार्रवाई की.
कई आतंकी बेस कैंप तबाह
रिंद के अनुसार, मंगला जरघून घर क्षेत्र में मौजूद कई आतंकी बेस कैंपों को भी नष्ट कर दिया गया है. हालांकि पाकिस्तान सेना की ओर से अभी तक इस ऑपरेशन पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. प्रशासन का कहना है कि प्रांत में आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में बलूचिस्तान के बरखान जिले में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए एक अन्य अभियान में एक मेजर समेत पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे. उस ऑपरेशन में सात आतंकियों के मारे जाने की जानकारी भी सामने आई थी. बता दें कि पाकिस्तान पर लंबे समय से आतंकियों को पनाह देने के आरोप लगते रहे हैं. ऐसे में बलूचिस्तान में आतंकियों के खिलाफ बड़े अभियान को पाकिस्तान अपनी अंतरराष्ट्रीय छवि सुधारने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है.



