Nora Fatehi Song Controversy:बॉलीवुड फिल्म ‘केडी द डेविल’ के गाने सरके चुनर तेरी सरके को काफी आलोचना झेलनी पड़ रही है. गाने को अश्लील बताया जाता है. दिल्ली हाईकोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को शिकायत भेजी है. उन्होंने अपनी शिकायत में फिल्म के कथित अश्लील गाने पर रोक लगाने और उसे हटाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि फिल्म का यह गाना अश्लील और अभद्र है. जिसकी वजह से समाज में गलत मैसेज जा सकता है. भाजपा सांसद कंगना रनौत ने एक्ट्रेस नोरा फतेही के गाने पर हुए विवाद पर कहा कि अश्लीलता, चीप PR टैक्टिक्स के लिए बॉलीवुड ने हर हद पार कर दी है. सारा देश उन्हें धिक्कार रहा है, उन्हें फटकार रहा है लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई शर्म होगी. इस तरह के गाने हम बचपन से सुनते आ रहे हैं. ये आज की बात नहीं है लेकिन बीच-बीच में उन पर प्रतिबंध लगा है और मुझे लगता है कि इसे लेकर और कठोरता होनी चाहिए. मुझे लगता है कि इसे लेकर बॉलीवुड पर लगाम लगानी पड़ेगी.
“फिल्में समाज को मार्गदर्शन देने का काम करती हैं”
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि कोई भी गाना हो, सीरीज़ हो या फिल्म, इनमें दिखाई जाने वाली बातों को लेकर निर्माता, निर्देशक और लेखकों को जिम्मेदारी समझनी चाहिए. फिल्में समाज को मार्गदर्शन देने का काम करती हैं. सरकार की ओर से भी हाल ही में कुछ गाइडलाइंस जारी की गई हैं, जिनमें कुछ शब्दों और आपत्तिजनक चीजों पर रोक लगाने की बात कही गई है. केवल सरकार पर निर्भर रहने के बजाय, फिल्म बनाने वालों, गाने लिखने वालों और निर्देशन करने वालों को खुद भी इसकी चिंता करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जबरन धर्म बदलवाने वाले की खैर नहीं, 7 से 10 साल की जेल, कांग्रेस-सपा ने किया विरोध
विवाद के बाद यूट्यूब से हटा गाना
बता दें कि आइटम नंबर सरके चुनर में नोरा फतेही घाघरा-चोली पहनकर डांस कर रही हैं. इस गाने का हुक स्टेप में उनके पल्लू का इस्तेमाल किया गया है. गाने के बोल और विजुअल्स को कई यूजर्स की आलोचना का सामना करना पड़ा. लोगों ने मेकर्स पर भड़काऊ विजुअल्स और डबल मिनिंग बनाने के लिए जमकर निशाना साधा. जिसके बाद गाना रिलीज होने के एक बाद ही मेकर्स ने वीडियो हटा दिया है. अब यूट्यूब पर इस गाने के लिए वीडियो उपलब्ध नहीं है और ये वीडियो प्राइवेट है का मैसेज दिखाई दे रहा है. इससे पहले राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी सरके चुनर गाने में आपत्तिजनक और डबल मिनिंग वाले बोल के इस्तेमाल को लेकर एक नोटिस जारी किया था.



