Government Job: मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में सरकारी नौकरी चाहने वालों के लिए इस सप्ताह एसबीआई , बिहार असिस्टेंट प्रोफेसर, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आंगनवाड़ी सहित 7 बड़ी सरकारी भर्तियों के आवेदन की प्रक्रिया जारी है लेकिन इस सप्ताह तक का ही समय है। इन सभी भर्तियों को मिलाकर कुल 9700 से अधिक पदों को भरा जाएगा। जानते हैं सभी नौकरियों की पूरी लिस्ट और क्या है आवेदन की आखिरी तारीख?
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) भर्ती 2026
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में असिस्टेंट मैनेजर (Law) और डिप्टी मैनेजर (Law) के कुल 49 पदों पर आवेदन की लास्ट डेट 14 जुलाई, 2026 है। लॉ डिग्री धारक अभ्यर्थी जिनके पास बार काउंसिल में रजिस्ट्रेशन और दो या चार साल का जरूरी अनुभव है, वे बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तुरंत फॉर्म भर सकते हैं। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा।
बिहार असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2026
बिहार स्टेट यूनिवर्सिटी कमीशन अंग्रेजी, इतिहास, हिंदी, अर्थशास्त्र, राजनीतिक विज्ञान और समाजशास्त्र जैसे छह विभिन्न विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 3687 पदों पर भर्ती कर रहा है। इसके लिए मास्टर डिग्री और नेट या सेट पास उम्मीदवार 15 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। नियमों के तहत पीएचडी डिग्री धारकों को नेट परीक्षा से छूट दी गई है।
मध्य प्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती 2026
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल भोपाल की ओर से समूह 2 उपसमूह 1 के तहत कृषि विस्तार अधिकारी के 2784 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कृषि या बागवानी में ग्रेजुएशन करने वाले 18 से 40 वर्ष के अभ्यर्थी इसके लिए 17 जुलाई, 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में नियमानुसार छूट मिलेगी।
मध्य प्रदेश आंगनवाड़ी भर्ती 2026
मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, भोपाल और जबलपुर सहित विभिन्न संभागों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 2548 पदों पर भर्ती निकली है। इसके लिए 12वीं पास महिलाएं 13 जुलाई, 2026 तक आवेदन कर सकती हैं। वहीं फॉर्म में किसी भी प्रकार के सुधार के लिए 15 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया है। इसका चयन पूरी तरह से मेरिट सूची के आधार पर होगा।
उत्तर प्रदेश आंगनवाड़ी भर्ती 2026
उत्तर प्रदेश में बागपत और बिजनौर जिले के लिए आंगनवाड़ी वर्कर की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। बिजनौर जिले के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 15 जुलाई और बागपत जिले के लिए अंतिम तिथि 16 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती में केवल महिलाएं ही भाग ले सकती हैं और आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है।
दिल्ली हायर ज्यूडिशियल सर्विस 2026
न्यायिक सेवा में जाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में 27 पदों पर आवेदन करने का यह अंतिम अवसर है। सात साल का वकालत का अनुभव रखने वाले कानून स्नातक 15 जुलाई, 2026 की शाम 5 बजकर 30 मिनट तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसकी प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होनी तय हुई है।
नैनी एयरोस्पेस भर्ती 2026
नैनी एयरोस्पेस लिमिटेड प्रयागराज में फिटर, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और जूनियर असिस्टेंट सहित विभिन्न तकनीकी पदों पर 28 वैकेंसियां निकली हैं। आईटीआई और संबंधित योग्यता रखने वाले उम्मीदवार 17 जुलाई, 2026 तक इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर के पदों पर निकली भर्ती, 16 अगस्त, 2026 तक करें ऑनलाइन आवेदन
यह भी देखें: जयपुर के शास्त्री नगर पेंटर कॉलोनी चौराहा बना कचरे का अड्डा, गंदगी, जाम और नशे से लोग परेशान



