Khan Global Coaching : लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग संस्थान में सोमवार को हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद राज्य सरकार की ओर से पूरे प्रदेश में कोचिंग संस्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी के अंतर्गत प्रयागराज में सिविल लाइंस स्थित खान सर की खान ग्लोबल क्लासेज कोचिंग सेंटर को भी सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि खान सर कोचिंग सेटर के खिलाफ कार्रवाई मानक पूरे ना करने पर की गई है।
‘खान सर’ कोचिंग सील
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पीडीए की प्रवर्तन टीम ने खान ग्लोबल क्लासेस को सील करने की कार्रवाई की है. कोचिंग सील करने से पहले छात्रों को बाहर निकाला गया. ऑफिस भी बंद कराया गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई. सीलिंग के बाद कोचिंग के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है. बगैर अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग संचालन शुरू करने पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है.
क्यों सील हुआ ?
जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में खान ग्लोबल क्लासेस संचालित हो रहा था, उसका कमर्शियल उपयोग के रूप में नक्शा पास है, जबकि कोचिंग का संचालन कम्युनिटी सर्विस के तहत आता है. सामुदायिक सुविधा भू उपयोग की स्वीकृति ना होने के चलते यह कार्रवाई की गई है. पीडीए की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है.
कोचिंग संस्थानों के खिलाफ अभियान
गौरतलब है कि प्रयागराज में करीब एक माह पहले ही प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने कोचिंग संस्थानों के खिलाफ अभियान शुरू किया था, जिसमें प्रयागराज के तीन बड़े कोचिंग संस्थानों एग्जाम पुर, सुपर क्लाइमैक्स और टारगेट ऑन कोचिंग संस्थानों को सील किया गया था. प्रयागराज विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी के मुताबिक, प्रयागराज में करीब 50 कोचिंग संस्थानों को चिन्हित किया गया है. सभी कोचिंग संस्थानों में जांच के बाद कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से मुख्य रूप से स्वीकृत मानचित्र को देखा जा रहा है।. इसके अलावा लिफ्ट, विद्युत और फायर की एनओसी भी मांगी जा रही है.
यह भी पढ़ें : कलकत्ता हाईकोर्ट का आदेश- जहां ममता हारीं, वहां ईवीएम-वीवीपेट सुरक्षित रखें जाएं
यह भी देखें: भरतपुर में जाटों की महापंचायत! OBC आरक्षण की मांग पर उमड़ा जनसैलाब | Hanuman Beniwal Hunkar Rally



