Middle East war:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज गुरुवार को काष्ट्र के नाम संबोधन दिया. उन्होंने अमेरिका को ईरान जंग में जीत मिलने का दावा किया है. इसके साथ ही चेतावनी दी है कि अमेरिका अगले 2-3 हफ्ते में ईरान पर बड़ा हमला करेगा. ईरान की नौसेना, मिसाइल ड्रोन क्षमता खत्म हो गई है. ईरान की सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है. इस वजह से इस सैन्य अभियान का अहम मकसद अब पूरा होने वाला है. ट्रंप ने चेतावनी दी अगर समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका, ईरान को स्टोन एज, यानि पाषाण काल में भेज देगा. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और नई लीडरशिप पहले से कम कट्टर है.
“ईरान से युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत की मांग”
ट्रंप ने अपने 19 मिनट के भाषण के दौरान जंग की लागत और इसे लंबा खिंचने से चिंतित अमेरिकियों से कहा कि वो इस संघर्ष को सही नजरिए से देखें. वहीं उन्होंने ईरान से युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत की मांग की. होर्मुज स्ट्रेट के संकट को लेकर कहा कि इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दूसरे देशों से लेनी चाहिए. ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान को स्टोन एज, यानि पाषाण काल में भेज देगा.
यह भी पढ़ें: ‘जंग से दूर रहेंगे, लेकिन ईरान ने हमला किया तो…’ सीरिया के राष्ट्रपति की बड़ी चेतावनी
ट्रंप के बयान पर ईरान सेना का पलटवार
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बयान के बाद ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इजरायल हमले करेंगे तो ईरान इसका जवाब भीषण हमलों से देगा. ईरान की सैन्य कमान खातम अल-अनबिया ने कहा कि जंग अभी जारी रहेगी और दुश्मनों को करारा जवाब दिया जाएगा. अमेरिका और इजरायल के खिलाफ हमले और ज्यादा व्यापक किए जाएंगे.
वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के बगदाद स्थित दूतावास ने एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. जिसमें कहा गया है कि ईरान से जुड़े मिलिशिया ग्रुप अगले 24 से 48 घंटे के अंदर बगदाद के सेंट्रल इलाके में हमले कर सकते हैं. दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी दी है कि वो तुरंत इराक छोड़ दें, क्योंकि हालात तेजी से खराब हो सकते हैं.



