Rajasthan Earthquake News: राजस्थान के सीकर जिले में आज शनिवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. सुबह 6 बजकर 33 मिनट के करीब आए भूंकप के झटकों से दांतारामगढ़ उपखंड के कई गांवों में हलचल मच गई. भूंकप के झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए. भूंकप का ज्यादा असर खाटूश्यामजी और उसके आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए. इनमें पलसाना, खोरा, बाय, टेहठ, दांता, खाचरियावास, कोछोर, बासड़ी कला और कैलाश धींगपुर सहित आसपास के गांवों में हल्का कंपन महसूस किया गया. हालांकि कोई नुकसान की सूचना नहीं है.
CCTV में कैद हुआ भूकंप का मूवमेंट
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूंकप की तीव्रता 3.5 रही है. वहीं भूंकप का केंद्र जयपुर से लगभग 69 किलोमीटर उत्तर-पश्चिमी दिशा में बताया गया है. जबकि इसकी गहराई जमीन से करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई है. भूंकप आने पर लोगों को हल्का कंपन महसूस हुआ. जिसकी वजह से लोगों में दहशत का माहौल बन गया. कई दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में भूंकप का हल्का मूवमेंट भी रिकॉर्ड हुआ है.
यह भी पढ़ें: आज रात ईरान पर सबसे बड़ा हमला करने की तैयारी में अमेरिका
कंपन के साथ अजीब आवाजें सुनने का दावा
कुछ ग्रामीणों का दावा है कि झटकों के साथ अजीब तरह की आवाजें भी सुनाई दी. लोगों का कहना है कि यह आवाजें जमीन के भीतर से आती हुई महसूस हो रही थी. विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप के दौरान धरती की परतों में हलचल होने से इस तरह की आवाजें कभी-कभी सुनाई दे सकती है.
जयपुर हाई रिस्क जोन में
ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स ने करीब तीन महीने पहले देश का नया भूकंप जोखिम नक्शा जारी किया था. इस नक्शे में जयपुर, अलवर और भिवाड़ी को हाई रिस्क जोन में रखा गया है. हाई रिस्क जोन का मतलब है इन क्षेत्रों में 5 से 6 रिक्टर स्केल तक की तीव्रता वाले भूंकप आने की संभावना बनी रहती है.



