LPG Crisis: राजस्थान भाजपा अध्यक्ष व सांसद मदन राठौर (Madan Rathore) ने एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों पर कहा कि प्रधानमंत्री ने सही कहा है. देश में कहीं भी किसी भी प्रकार की ना तो गैस की कमी है और ना ही पेट्रोल-डीजल की कमी है. सभी व्यवस्थाएं हो रही हैं. हमने उत्पादन भी बढ़ाया है. विपक्ष देश में अव्यवस्था उत्पन्न करना चाहता है.
“राज्य सरकार पूरी तरह से सजग है”
राजस्थान के मंत्री जोगाराम पटेल (Jogaram Patel) ने LPG की कमी की खबरों पर कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से असर अवश्य पड़ा है लेकिन केंद्र सरकार और राज्य सरकार पूरी तरह से सजग है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बार-बार कहा है. हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी अनेकों मीटिंग ली है. हम पूरा प्रयास करेंगे कि कमर्शियल और घरेलू सिलेंडर गैस की कमी ना रहे, कालाबाजारी ना हो. इसपर सरकार पूरी तरह सतर्क है और कार्रवाई भी करेगी.
“राजस्थान में कहीं भी घरेलू गैस की कमी नहीं”
राजस्थान के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा (Sumit Godara) ने मध्य पूर्व तनाव के बीच LPG संकट पर कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कल शाम को ही बैठक ली गई, अधिकारियों को निर्देशित किया गया. हमारे विभाग द्वारा भी दो दिनों से बैठक आयोजित की जा रही है और मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि राजस्थान में कहीं भी घरेलू गैस की कमी नहीं है. हम लगातार पिछले दो दिनों से निगरानी कर रहे हैं और कहीं भी ऐसी स्थिति नहीं है जहां (घरेलू)बुकिंग के बाद सिलेंडर नहीं पहुंचा हो.
मंत्री गोदारा ने आगे कहा कि कांग्रेस के द्वारा लगातार भय का वातावरण बनाया जा रहा है जबकि गैस की कहीं पर भी कमी नहीं है. आगामी 10-15 दिनों में कमर्शियल गैस की समस्या भी सामान्य हो जाएगी और घरेलू गैस के मामले में तो कोई समस्या है ही नहीं.



