Jaipur: जयपुर में राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित राज्यस्तरीय पुलिस सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नशे और संगठित अपराध को लेकर बड़ा बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और महाराष्ट्र की ATS टीमों को राजस्थान आकर कार्रवाई करनी पड़ रही है, जो राज्य की आंतरिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुंबई से ATS की टीम आकर यहां कार्रवाई करती है और गुजरात की टीम जोधपुर व बाड़मेर में ऑपरेशन चलाती है, यह स्थिति निश्चित रूप से चिंताजनक है।
“जैसा बोएंगे, वैसा ही काटेंगे”, CM का कड़ा संदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज के फैसले आने वाली पीढ़ी का भविष्य तय करेंगे।उन्होंने कहा, “अगर बाड़ ही खेत को खाने लगे, तो फिर कुछ भी बचने वाला नहीं है।” सीएम ने पुलिस अधिकारियों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने की नसीहत दी। सीएम ने पुलिस अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा जब आपने सेवा जॉइन की थी, तब क्या सपने थे? माता-पिता और गुरुजनों को क्या भरोसा दिलाया था? अगर आज विचार बदल रहे हैं, तो इसकी वजह क्या है? मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता का भरोसा तभी बनता है, जब अधिकारी पूरे समर्पण के साथ राज्य और राष्ट्र की सेवा करें।
📍 राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन 2026, राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर
राजस्थान सरकार पुलिस के आधुनिकीकरण, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित माहौल देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। pic.twitter.com/32SwiJVPd5
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) January 8, 2026
गैंगस्टर पर सख्ती जरूरी, सीमावर्ती इलाकों पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय सीमा लंबी है और कई राज्यों से सीमाएं जुड़ी हैं। दूसरे राज्यों में अपराध करने वाले अपराधी यहां शरण लेते हैं, जो सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने साफ कहा गैंगस्टर या तो राजस्थान आएं नहीं, और अगर आएं तो वापस जा न सकें।
गैंगवार पर 100% लगाम लगाने के निर्देश
सीएम ने संगठित गैंगवार की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। खासतौर पर बीकानेर रेंज में इंटेलिजेंस और सर्विलांस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर गैंगस्टर की पोस्ट शेयर करने वालों की निगरानी जरूरी है। ऐसे लोगों को समझाइश देना और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करना भी आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि कई बार सोशल मीडिया पर आने वाली छोटी-छोटी बातें ही बड़े अपराध की वजह बन जाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बड़ी घटना के पीछे कोई न कोई उकसाने वाला जरूर होता है। इसलिए अपराध की जड़ तक पहुंचना और पूरे नेटवर्क को तोड़ना बेहद जरूरी है।



