Jaipur: झोटवाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल एसोसिएशन भवन में श्री अग्रवाल परमार्थ सेवा समिति के तत्वाधान में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अग्रवाल समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और समाज को एक साझा प्लेटफॉर्म पर लाने की जरूरत पर जोर दिया। बैठक के दौरान बताया गया कि अग्रसेन अग्रवाल समाज को जोड़ने के उद्देश्य से एक वेबसाइट तैयार की गई है। समाज के लोगों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्र में समाज के हर व्यक्ति को इस वेबसाइट से जोड़ें और अधिक से अधिक लोगों का डेटा इसमें फीड करवाएं, ताकि समाज की एक मजबूत और संगठित पहचान बन सके।
बेटी की शादी को लेकर सोच बदलने की जरूरत
बैठक में बेटी की शादी से जुड़ी मौजूदा सामाजिक सोच पर भी गंभीर चर्चा हुई। समाज के लोगों ने कहा कि आज कई परिवार रिश्ते तय करते समय लड़के के स्वभाव और संस्कारों से ज्यादा इस बात पर ध्यान देते हैं कि वह किस शहर का है, क्या काम करता है, डॉक्टर या इंजीनियर है या नहीं। इसी सोच के चलते बेटियों की शादी 18–20 साल की सही उम्र में नहीं हो पाती और उम्र 30 के करीब पहुंच जाती है। वक्त के साथ अच्छे रिश्ते मिलने में भी कठिनाई आती है, इसलिए समाज को इस मानसिकता से बाहर निकलने की जरूरत है। बैठक में ये बात भी कही गई कि बेटी की शादी में परिवार और संस्कारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, न कि केवल आय और प्रोफेशन को।
ये भी पढ़ें : “साजिश के तहत बेटे को…” पन्या सेपट का बड़ा आरोप
बेटों को शिक्षा और व्यापार दोनों में आगे बढ़ाने का आह्वान
बैठक में बेटों को पारंपरिक व्यापार के साथ-साथ डॉक्टर, इंजीनियर जैसी उच्च शिक्षा के लिए भी प्रेरित करने पर भी बात की गई। समाज के लोगों ने कहा कि शिक्षा और व्यवसाय का संतुलन ही समाज को आगे ले जा सकता है। कार्यक्रम में झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद गुप्ता और श्री अग्रवाल परमार्थ सेवा समिति के अशोक गुप्ता समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे.



