Petrol Diesel Excise Duty Cut: पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती पर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और दीया कुमारी की प्रतिक्रिया आई है. डिप्टी सीएम बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करना चाहूंगा. जब-जब ऐसी वैश्विक समस्याएं आई हैं तब-तब उनके समाधान के लिए प्रधानमंत्री ने काम किया है. वैश्विक अस्थिरता के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व ने देश को मजबूती और स्थिरता प्रदान की है. पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क को ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर तथा डीजल पर ₹10 से शून्य करना आमजन को राहत देने वाला एक महत्वपूर्ण निर्णय है. इस फैसले से करोड़ों परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा और दैनिक जीवन में कुछ सहजता आएगी, साथ ही वैश्विक परिस्थितियों के प्रभाव से भी राहत मिलेगी. सभी नागरिकों से आग्रह है कि भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें और मिलकर देश व प्रदेश के विकास में अपनी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करें.
“कोई दिक्कत नहीं आने देंगे”
डिप्टी सीएम बैरवा ने आगे कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए हमारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तैयार हैं. हमारे राज्य में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी को आश्वस्त किया है. उन्होंने कहा है कि कोई दिक्कत नहीं आने देंगे. सब मिलकर वैश्विक समस्या का समाधान करेंगे. कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि वे राजनीति कर रहे हैं, आपदा में अवसर ढूंढ रहे हैं. पूरा मंत्रिमंडल मिलकर काम कर रहा है कालाबाजारी पर नजर रखी जा रही है. आमजन पर कोई दिक्कत नहीं आएगी. इस तरह का आश्वासन हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने दिया है. कुछ बड़े औद्योगिक धन्धे हैं उनपर कुछ असर आएगा लेकिन उसका भी जल्द ही समाधान करेंगे और कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से संदिग्ध युवक हिरासत में, सुरक्षा एजेंसी आज करेगी पूछताछ
“केंद्र सरकार ने इतनी बड़ी राहत दी है”
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि इन परिस्थितियों में केंद्र सरकार ने इतनी बड़ी राहत दी है. इसके लिए मैं केंद्र सरकार का, प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करती हूं. वे हमेशा ही देश की जनता को राहत पहुंचाने और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम करते हैं. प्रधानमंत्री की प्राथमिकता रहती है कि जनता को कोई परेशानी न आए, उनके जीवन को अच्छा बना सके.



