Rajasthan News- राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने नशे की समस्या को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एमडी (MD) ड्रग्स और स्मैक जैसी सिंथेटिक ड्रग्स की अवैध फैक्ट्रियां पश्चिमी राजस्थान में तेजी से फैल रही हैं, जो युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रही हैं। भाटी ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो राजस्थान भी “उड़ता पंजाब” की तरह नशे की दलदल में फंस सकता है।
भाटी ने सदन में स्थगन प्रस्ताव के दौरान यह मुद्दा उठाया और कहा, “यह समस्या न किसी जाति की है, न किसी धर्म की। हर वर्ग इससे प्रभावित है। पश्चिमी राजस्थान में कई फैक्ट्रियां एमडी और स्मैक तैयार कर रही हैं। आने वाली पीढ़ी गर्त में जा रही है। क्या हम इसे रोकने के लिए कुछ कर रहे हैं?”
शॉकिंग खुलासा: शिक्षक और UPSC स्टूडेंट भी शामिल
विधायक ने सदन में चौंकाने वाले उदाहरण दिए। उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले एक केमिस्ट्री का अध्यापक पकड़ा गया, जो एमडी की फैक्ट्री चला रहा था। इसी तरह एक UPSC अभ्यर्थी भी पकड़ा गया, जो कहता है – ‘मैं फेल हो गया, अब क्या करूं?’ और वह भी MD बनाने की फैक्ट्री में जुट गया।”भाटी ने आगे कहा, “आज हर गली-मोहल्ले में नशेड़ी बैठे हैं। कोई व्यक्ति बाहर नहीं निकल सकता, कोई महिला घर से बाहर नहीं निकल पाती। कुछ दिन पहले IPS कांबले और विकास कुमार ने पश्चिमी राजस्थान में अच्छा काम किया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास रावतसर जैसे इलाकों में कंटेनर मॉडिफाई करके MD फैक्ट्रियां और डोडा पोस्त का कारोबार चल रहा है।”
सवाल उठाया: इसको रोकेगा कौन?
भाटी ने सरकार से सवाल किया, “आपने डोडा पोस्त को कंट्रोल किया, तो लगा स्थितियां सुधरेंगी। लेकिन अब हालात बद से बदतर हो रहे हैं। एमडी और स्मैक की वजह से एक व्यक्ति नहीं, पूरा परिवार परेशान होता है, उनका जीवन नर्क बन जाता है।”उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मजबूत कदम उठाए जाएं, युवा शक्ति को बचाया जाए और राजस्थान के भविष्य को सुरक्षित किया जाए। भाटी ने कहा, “यह जिम्मेदारी आपकी, हमारी और हम सबकी है।”यह मुद्दा राजस्थान की सीमावर्ती जिलों जैसे बारmer, जोधपुर, जैसलमेर में नशे की बढ़ती समस्या को उजागर करता है, जहां ड्रग तस्करी और अवैध फैक्ट्रियां एक बड़ी चुनौती बन गई हैं। अब देखना यह है कि सरकार इस पर क्या कार्रवाई करती है।
यह भी देखें : “हम महाराणा प्रताप के वंशज हैं…” UGC नियमों पर सनातनी इन्फ्लुएंसर की बड़ी चेतावनी | Supreme Court



