IPS Wedding- उत्तर प्रदेश के दो चर्चित आईपीएस अधिकारी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।अंशिका वर्मा और केके बिश्नोई की शादी तय हो गई है। दोनों की शादी राजस्थान के बाड़मेर में होने वाली है। इनकी शादी का कार्ड भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, बरेली में एसपी दक्षिणी के पद पर तैनात आईपीएस अंशिका वर्मा का रिश्ता संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई से तय हुआ है। दोनों परिवारों की मुलाकात के बाद शादी की बात पक्की हुई और अब इसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि तीन दिन तक चलने वाले विवाह समारोह की बुकिंग भी कर ली गई है। कृष्ण कुमार बिश्नोई राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं और एक प्रतिष्ठित बिश्नोई परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वहीं अंशिका वर्मा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। दोनों अधिकारी अपनी कार्यशैली और उपलब्धियों को लेकर भी काफी चर्चित रहे हैं।
तीन दिन चलेंगे शादी के कार्यक्रम
दोनों आईपीएस अधिकारियों की शादी के कार्यक्रम 28 मार्च से शुरू होंगे। इससे पहले 27 मार्च को हल्दी, मेहंदी और महिला संगीत का आयोजन रखा गया है। 28 मार्च को बाड़मेर स्थित कृष्ण निवास में बारात पहुंचेगी। इसके बाद 29 मार्च की सुबह विदाई का कार्यक्रम होगा। वहीं 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में शादी का ग्रैंड रिसेप्शन रखा गया है, जिसमें कई बड़े अधिकारी और नेता शामिल हो सकते हैं। बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भी इस समारोह में पहुंच सकते हैं।
यह भी पढ़ें : जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर में रोने लगी विधायक मैथिली
कौन हैं आईपीएस अंशिका वर्मा
अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी के जरिए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और यूपीएससी में 136वीं रैंक हासिल की। वर्तमान में वह बरेली में एसपी दक्षिणी के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह गोरखपुर में एएसपी के रूप में भी काम कर चुकी हैं। महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और तकनीक आधारित पुलिसिंग के मामलों में उनका काम काफी सराहा जाता है। मार्च 2025 में दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला शिखर सम्मेलन में उन्हें “वुमन आइकन अवॉर्ड” से भी सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए मिला था।
यह भी देखें : जयपुर में सहकारी कर्मचारियों का धरना | 7 साल से वेतन नहीं, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
ड्यूटी के दौरान शुरू हुई थी लव स्टोरी
बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात साल 2023 में गोरखपुर में हुई थी। उस समय केके बिश्नोई वहां एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी के तौर पर काम कर रही थीं। ड्यूटी के दौरान शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। हाल ही में होली के दौरान दोनों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें अंशिका वर्मा “लंदन ठुमकदा” गाने पर डांस करती नजर आई थीं। अब दोनों अधिकारी जल्द ही सात फेरों के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं।



