मुंबई के भांडुप इलाके में हुए दर्दनाक बस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार रात भांडुप वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास बेस्ट की एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ में जा घुसी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अब इस भयावह घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क किनारे एक साड़ी की दुकान के बाहर कुछ लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार में आती बेस्ट बस अचानक नियंत्रण खो देती है और सीधे भीड़ की ओर बढ़ती हुई लोगों को कुचलते हुए रुकती है।
वीडियो में कुछ लोग जान बचाने के लिए तुरंत दुकान के अंदर भागते नजर आते हैं, जबकि कुछ लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाता और वे बस की चपेट में आ जाते हैं।
14 पैदल यात्री आए बस की चपेट में
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में कुल 14 पैदल यात्री बस की चपेट में आए थे। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। बाकी घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
ड्राइवर हिरासत में, मेडिकल जांच पूरी
घटना के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि ड्राइवर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, ब्रेक फेल या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस काफी तेज गति में थी और अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। सूचना मिलते ही भांडुप पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
ये भी पढ़ें – ‘मुंबई का मेयर किसी खान या पठान को बनाना चाहते हैं उद्धव’, संजय निरुपम ने लगाया उद्वव ठाकरे पर आरोप



