Election in Israel : इजराइल में 27 अक्टूबर को हुए संसदीय चुनाव में बैलेट वोटों की गिनती का काम पूरा हो गया है अब सिर्फ डबल एनवलेप की गिनती चल रही है जो शुक्रवार तक पूरी हो जाने की संभावना है। अब तक के रुझानों में नेतन्याहू और आइजनकोट की पार्टीयों को बहुमत नहीं मिल पाया है दूसरी ओर अरब पार्टीयों के गठबंधन 19 सीटों पर आगे रहकर किंग मेकर की भूमिका में आ गए है। चुनाव नतीजों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बलाद पार्टी के प्रमुख सामी अबू शहादेह ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से कहा, “आप चुनाव हार गए हैं। घर जाइए।” उन्होंने नेतन्याहू पर चुनाव में विदेशी दखलअंदाजी और वोट खरीदने के बेबुनियाद आरोप लगाकर नतीजों को खारिज करने का माहौल बनाने का आरोप लगाया।
विदेशी दखल की आशंका
एक अन्य घटनाक्रम में चुनाव में विदेशी दखल की आशंका जताई गई है। चुनाव आयोग ने जांच एजेंसी शिन बेट को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। द टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, एजेंसी एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट सौंपेगी। प्रधानमंत्री नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को शक है कि कतर और तुर्किये से इजराइल और वेस्ट बैंक में पैसे भेजे गए। इनका इस्तेमाल अरब नागरिकों की फंडिंग के लिए किया गया।
अरब समुदाय को बदनाम ना करें
इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जाेग ने चुनाव में विदेशी दखल के आरोपों की जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि इन आरोपों के आधार पर पूरे अरब समुदाय को बदनाम नहीं करना चाहिए। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनके सहयोगियों ने आरोप लगाया है कि अरब वोटरों को बढ़ाने के लिए पैसे बांटे गए। हर्जाेग ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों को कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए, लेकिन वोट देना हर नागरिक का अधिकार है।
राअम पार्टी के 4 कार्यकर्ता गिरफ्तार
इजराइल में वोट खरीदने के आरोप में राअम पार्टी के 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, चारों पर चुनाव के दौरान वोटरों को पैसे देने की साजिश में शामिल होने का शक है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह मामला मंगलवार को चुनाव के दिन गिरफ्तार किए गए 3 बेदुइन लोगों से जुड़ा है। इन लोगों पर आरोप था कि वे राअम पार्टी के पक्ष में वोट देने के लिए लोगों को पैसे देने की योजना बना रहे थे।
यह भी देखें – रामपुरा डाबड़ी में मतदान, विकास के मुद्दों पर क्या बोली जनता?


