Arnab : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई इलाकों में पेड़ गिर गए और पुल-सड़कें टूट गईं। चक्रवात का असर मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों में दिख रहा है। यहां बुधवार रात से बारिश हो रही है, जो अगले दो दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के 12 और ओडिशा के 16 जिलों में गुरुवार को स्कूल बंद रहेंगे। ओडिशा में करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गजपति जिले में लगातार बारिश के कारण बालीबाड़ा घाटी रोड पर लैंडस्लाइड हुई। पहाड़ी का हिस्सा ढहने और तीन पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई, जिससे छह गांवों का संपर्क टूट गया।
राजस्थान: 27 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
राजस्थान के 27 जिलों में गुरुवार को तेज बारिश का अलर्ट है। बुधवार देर शाम भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाए और देर रात हल्की बारिश हुई। मौसम में बदलाव से ठंड बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में जयपुर, पिलानी, सीकर, बाड़मेर और चूरू समेत लगभग सभी शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सीकर और फतेहपुर में रात का तापमान गिरकर 10 डिग्री तक पहुंच गया।
चक्रवात अर्नब डीप डिप्रेशन में बदला


