IPL 2026- IPL 2026 शुरू होने से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के एक प्रैक्टिस मैच का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मैच में गेंदबाज जीशान अंसारी और कप्तान ईशान किशन के बीच एक दिलचस्प पल देखने को मिला। यह मुकाबला 21 मार्च को खेला गया था। मैच के दौरान जीशान अंसारी ने ईशान किशन को आउट करने के बाद उंगली से पवेलियन जाने का इशारा किया, जिसका वीडियो अब काफी चर्चा में है। हालांकि, ईशान किशन ने इस पर कोई रिएक्शन नहीं दिया और मुस्कुराते हुए मैदान से बाहर चले गए।
दरअसल, यह घटना दूसरी पारी के 8वें ओवर की है। इस ओवर की शुरुआत में ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए जीशान की पहली चार गेंदों पर दो छक्के और दो चौके लगाकर 20 रन बना लिए।लेकिन ओवर की अगली ही गेंद पर जीशान अंसारी ने शानदार वापसी करते हुए उन्हें डीप स्क्वायर लेग पर कैच आउट करा दिया। विकेट लेने के बाद जीशान ने उंगली उठाकर उन्हें बाहर जाने का इशारा किया। इस दौरान जीशान थोड़ा गंभीर दिखे, जबकि ईशान किशन हंसते हुए पवेलियन लौट गए।
यह भी पढ़ें : IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स को लग सकता है झटका, गेंदबाज मिचेल स्टार्क के खेलने पर मंडराया खतरा
बता दें कि टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिलहाल इंजरी के कारण टीम से बाहर हैं। ऐसे में ईशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अभिषेक शर्मा उपकप्तान बनाए गए हैं। पैट कमिंस इंजरी से उबर रहे हैं और IPL 2026 के शुरुआती कुछ मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। गौरतलब है कि ईशान किशन और अभिषेक शर्मा हाल ही में भारतीय टीम के साथ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर लौटे हैं, जहां भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था।
यह भी देखें : जयपुर में ईद की धूम! मस्जिदों में उमड़ा जनसैलाब, हर तरफ ‘ईद मुबारक’



