Shilpa Shetty: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी उन डीवास में शुमार है, जो अपनी सेहत को लेकर काफी जागरुक रहती हैं. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह उल्टे योगासन करती नजर आई. वीडियो में अभिनेत्री बेहद संतुलन और नियंत्रण के साथ योग मुद्रा करती दिखाई दीं. इसके जरिए उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी.
महिलाओं को दी खास सलाह
अभिनेत्री ने महिलाओं को सलाह देते हुए कहा कि पीरियड्स के दौरान कुछ विशेष एक्सरसाइज और इनवर्जन योगासन करने से बचना चाहिए. उन्होंने लिखा कि हर योग मुद्रा शरीर और मन को मजबूत और लचीला बनाने में मदद करती है.
उल्टे योगासन के फायदे
शिल्पा के मुताबिक, इस तरह के योगासन का नियमित अभ्यास दिमाग में रक्त संचार को बेहतर बनाता है। इससे थायरॉइड और पैराथायरॉइड ग्रंथियां सक्रिय होती हैं. इसके अलावा तनाव और चिंता कम करने, पाचन तंत्र सुधारने और चेहरे पर प्राकृतिक चमक लाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि यह आसन गर्दन, कंधों और पेट की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में सहायक है.
इन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी
अभिनेत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी, ग्लूकोमा, गर्दन दर्द या स्लिप डिस्क से पीड़ित लोगों को यह आसन नहीं करना चाहिए. महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान भी इससे बचने की सलाह दी गई है.
आयुष मंत्रालय ने भी दी सलाह
आयुष मंत्रालय के सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार, सर्वांगासन और विपरीतकरणी जैसे इनवर्जन योगासन विशेषज्ञ की देखरेख में ही करने चाहिए. ये आसन शरीर में रक्त संचार को सिर की ओर बढ़ाते हैं और तनाव कम करने में मददगार माने जाते हैं.
यह भी पढ़ें: ‘पति पत्नी और वो 2’ में रकुल प्रीत के किरदार की फैन हुईं सारा अली खान, बोलीं- नीलोफर बनना चाहती थी…



