Singer Shehzad : इन दिनों जयपुर बॉलीवुड कलाकारों, गीतकारों, गायकों और निर्देशकों का पसंददीदा शहर बना हुआ है। पिछले दो महीने में इस शहर में कई फिल्मों, वेबसीरीज और म्यूजिक विडियो की शूटिंग हो चुकी है। बुधवार को यहां फिल्म धुरंधर के चर्चित गाने कारवां की तलाश है के गायक शहजाद अली पहुंचे। वह अपने नए म्यूजिक वीडियो की शूटिंग जवाहर सर्किल पर निर्देशक अमन प्रजापत के निर्देशन में कर रहे हैं।
युवाओं के साथ कारवां गीत गाया
शूटिंग के दौरान उस समय भावुक और यादगार माहौल बन गया, जब कुछ युवा गिटार पर शहजाद का चर्चित गीत कारवां गाने लगे। अपनी शूटिंग बीच में रोककर शहजाद सीधे उन युवाओं के बीच पहुंचे, उनकी गायकी की सराहना की और फिर उनके साथ मिलकर कारवां गाया। यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और गीत समाप्त होते ही तालियों की गूंज से पूरा माहौल उत्साह से भर उठा। शूटिंग के दौरान शहजाद अली ने कहा कि कारवां केवल एक गीत नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए उम्मीद का संदेश है जो जीवन में संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैंने यह गीत गाया था, तब इसने मुझे भी हिम्मत दी थी। अगर कभी जिंदगी में निराशा महसूस हो, तो यह गीत जरूर सुनिए। मुझे विश्वास है कि यह आपको फिर से खड़े होने की ताकत देगा।
राजस्थान की धरती संगीत और संस्कृति से सराबोर
जयपुर में मिले प्यार से अभिभूत शहजाद ने कहा कि राजस्थान की धरती संगीत और संस्कृति से सराबोर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जहां भी जाइए, लोग अच्छे संगीत को दिल से अपनाते हैं। जब मैंने जवाहर सर्किल पर कुछ युवाओं को मेरा गीत गाते देखा तो मैं खुद को रोक नहीं पाया। उनके साथ गाना मेरे लिए बेहद खास पल था। यही राजस्थान है, यहां प्यार है, संगीत है, मोहब्बत है और अपनापन है। फिल्म धुरंधर के बाद अपने करियर में आए बदलाव पर शहजाद ने मुस्कुराते हुए कहा कि पहले जिंदगी अच्छी थी, अब बेहतरीन है। पहले मैं घर में था, अब लोग मुझे पहचानने लगे हैं। उम्मीद करता हूं कि लोगों का प्यार और दुआएं हमेशा इसी तरह मिलती रहें।
कौन हैं शहजाद अली?
शहजाद अली बॉलीवुड के उभरते हुए गायकों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी दमदार आवाज और भावपूर्ण गायकी से कम समय में अलग पहचान बनाई है। उन्हें सबसे अधिक लोकप्रियता फिल्म धुरंधर के प्रेरणादायक गीत कारवां से मिली। यह गीत युवाओं के बीच संघर्ष, उम्मीद और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया और सोशल मीडिया से लेकर लाइव कॉन्सर्ट तक खूब पसंद किया गया। शहजाद अपनी सूफियाना अंदाज की गायकी, रोमांटिक गीतों और मोटिवेशनल ट्रैक्स के लिए भी जाने जाते हैं।
यह भी पढ़ें : “ठंडी हवा, काली घटा आ ही गई झूम के …” गीत, संगीत, अदाकार और फिल्म भी बेहतरीन
यह भी देखें: जयपुर के शास्त्री नगर पेंटर कॉलोनी चौराहा बना कचरे का अड्डा, गंदगी, जाम और नशे से लोग परेशान



