Salim Kumar Death: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयालम अभिनेता सलीम कुमार का शनिवार रात 56 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया. अस्वस्थ होने पर उन्हें कोच्चि के अमृता अस्पताल में भर्ती कराया गया था,जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. तीन दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया और अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग व दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. उनके निधन से मलयालम सिनेमा में शोक की लहर है. रविवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पारावुर टाउन हॉल में रखा गया है. कुछ देर बाद एर्नाकुलम के नॉर्थ परवुर स्थित उनके आवास पर अंतिम संस्कार किया जाएगा.
सलीम कुमार ने 300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
केरल सरकार ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अंतिम संस्कार और उससे जुड़े सभी खर्च वहन करने का निर्णय लिया है. सलीम कुमार मलयालम सिनेमा के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में से एक थे. उन्होंने तीन दशक से अधिक लंबे करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया.‘आदामिन्टे मकन अबू’, ‘पुलिवाल कल्याणम’, ‘अचनुरंगथा वीडु’, ‘मीसा माधवन’ और ‘मायावी’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया. उन्होंने मुख्य रूप से मलयालम फिल्मों में काम किया, लेकिन तमिल फिल्म ‘मरयां’ और ओडिया फिल्म ‘ऊंगा’ में भी नजर आए.
फिल्म ‘आदामिन्टे मकन अबू’ के लिए मिले पुरस्कार
कॉमिक भूमिकाओं से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सलीम कुमार ने बाद में एक सशक्त चरित्र अभिनेता के रूप में पहचान बनाई. वर्ष 2010 में फिल्म ‘आदामिन्टे मकन अबू’ में शानदार अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और केरल राज्य फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.इसके अलावा उन्हें कई अन्य राज्य पुरस्कार भी मिले. अभिनेता होने के साथ-साथ उन्होंने डबिंग आर्टिस्ट के रूप में भी काम किया.उनके परिवार में पत्नी सुनीता और दो बेटे चंदू सलीम कुमार तथा आरोमल सलीम कुमार हैं. चंदू भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और हाल ही में सुपरहिट फिल्म ‘मंजुम्मेल बॉयज’ में नजर आए थे.
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हम प्रख्यात अभिनेता सलीम कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं. अपने शानदार अभिनय करियर के दौरान, उन्होंने विभिन्न किरदारों और अविस्मरणीय प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी अनूठी पहचान बनाई. इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं.
यह भी पढ़ें: ‘काला हिरण’ में बड़े स्टार को किया जा रहा एकतरफा टारगेट; एक्टर सोनू मिश्रा ने इसलिए छोड़ी फिल्म



