SBI : देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI)ने अपरेंटिस के 7150 पदों पर बंपर भर्ती निकाली है। सरकारी बैंक में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह शानदार मौका है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 8 जून, 2026 तय की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
SBI की इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएट होना जरूरी है। आवेदन करने वाले युवाओं की उम्र कम से कम 20 साल और अधिकतम 28 साल के बीच होनी चाहिए। सरकारी नियमों के मुताबिक आरक्षित वर्गों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी गई है। इसके तहत एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 साल ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) को 3 साल और दिव्यांग वर्ग को 10 से 13 साल की छूट मिलेगी।
आवेदन फीस
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के कैंडिडेट्स को आवेदन फीस के रूप में 300 रुपये जमा करने होंगे। वहीं एससी एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन फीस से पूरी तरह छूट दी गई है यानी, उन्हें कोई पैसा नहीं देना होगा। फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।
सैलरी और सिलेक्शन
जानकारी के अनुसार इस भर्ती के तहत चुने गए कैंडिडेट्स को एक साल की ट्रेनिंग पर रखा जाएगा। इस एक साल के दौरान कैंडिडेट्स को हर महीने 15 हजार रुपये का स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। कैंडिडेट्स का सिलेक्शन ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा और स्थानीय भाषा के टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। यह लिखित परीक्षा अक्टूबर या नवंबर 2026 के महीने में आयोजित की जा सकती है।
ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई
- आवेदन करने के लिए सबसे पहले एसबीआई की ऑफिशियल वेबसाइट sbi.bank.in के करियर पेज पर जाएं।
- यहां करंट ओपनिंग वाले सेक्शन में अपरेंटिस पदों के लिंक पर क्लिक करें।
- अब आवेदन फॉर्म में मांगी गई अपनी सभी जरूरी जानकारी सही-सही भरें।
- इसके बाद मांगे गए जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें और ऑनलाइन माध्यम से अपनी फीस जमा करें।
- सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फॉर्म को सबमिट कर दें।
- ट्रांजेक्शन पूरा होने के बाद फीस की डिटेल वाली ई-रिसिप्ट और आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट निकालकर अपने पास संभाल कर रखें।
कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी लेटेस्ट अपडेट के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ऑफिशियल वेबसाइट sbi.bank.in समय-समय पर चेक करते रहें।
यह भी पढ़ें : CBSE ने रीचेकिंग फीस में की कटौती, नंबर बढ़े तो मिलेगा पूरा रिफंड
यह भी देखें : जयपुर में 2022 शारीरिक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन | स्थायीकरण की मांग तेज | KBP Times



