कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच नवंबर 2025 में खेले गए टेस्ट मैच की पिच को लेकर चल रहे विवाद पर अब ICC ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। ICC मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने इस पिच को ‘संतोषजनक’ (Satisfactory) रेटिंग दी है, जिसके चलते ईडन गार्डन्स पर किसी तरह की कार्रवाई या जुर्माना नहीं लगाया गया है।
तीन दिन में खत्म हुआ था टेस्ट मैच
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच यह टेस्ट मुकाबला महज तीन दिनों में समाप्त हो गया था। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 30 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। इसके बाद गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी साउथ अफ्रीका ने जीत दर्ज करते हुए सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। मैच की सबसे खास बात यह रही कि दोनों टीमों में से कोई भी एक पारी में 200 रन तक नहीं पहुंच सकी। चौथी पारी में 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 93 रन पर ऑलआउट हो गई।
पिच को लेकर क्यों मचा था विवाद?
कोलकाता टेस्ट के दौरान और बाद में पिच को लेकर काफी बहस देखने को मिली। भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने मैच के बाद कहा था कि यह वही पिच थी जिसकी टीम ने मांग की थी और उन्होंने क्यूरेटर सुजान मुखर्जी की तारीफ भी की थी। हालांकि, दूसरे टेस्ट से पहले भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने इस बयान का खंडन करते हुए कहा था कि टीम को इस तरह की असमान उछाल वाली पिच की उम्मीद नहीं थी और गंभीर ने क्यूरेटर को बचाने के लिए ऐसा बयान दिया।
कैसी थी ईडन गार्डन्स की पिच?
ईडन गार्डन्स की पिच पर पहले ओवर से ही गेंद का उछाल असमान नजर आया। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पिच से तेज टर्न मिलने लगा। तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को इस पिच से मदद मिली। साउथ अफ्रीका की जीत में ऑफ-स्पिनर साइमन हार्मर और लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज मार्को यानसन ने अहम भूमिका निभाई, जबकि भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने पहले दिन पांच विकेट झटके।
ICC की पिच रेटिंग प्रणाली
ICC की पिच रेटिंग चार स्तरों में दी जाती है—
-
Very Good (बहुत अच्छी)
-
Satisfactory (संतोषजनक)
-
Unsatisfactory (असंतोषजनक)
-
Unfit (अनफिट)
असंतोषजनक रेटिंग पर मैदान को 1 डिमेरिट पॉइंट मिलता है, जबकि अनफिट रेटिंग पर 2 डिमेरिट पॉइंट के साथ अंतरराष्ट्रीय मैचों पर बैन भी लग सकता है। पांच साल में 6 डिमेरिट पॉइंट होने पर 12 महीने का बैन संभव है। हाल ही में एशेज सीरीज के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) की पिच को बॉक्सिंग डे टेस्ट के बाद ‘असंतोषजनक’ रेटिंग दी गई थी। वह मैच सिर्फ दो दिनों में खत्म हो गया था और MCG को एक डिमेरिट पॉइंट मिला था।
यह भी पढें: RCA एडहॉक कमेटी का कार्यकाल फिर 3 महीने बढ़ा, IPL मैच शिफ्ट होने का खतरा
यह भी देखें: उन्नाव रेप केस: न्याय मिला, लेकिन सुरक्षा कहां? पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष से खास बातचीत



