Ivanka Trump Assassination Plot: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की खौफनाक साजिश का खुलासा हुआ है. ईरान समर्थित आतंकी संगठन से ट्रेनिंग लेने वाले एक इराकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जो इवांका ट्रंप को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था. जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था.
6 साल पुरानी दुश्मनी से जुड़ा मामला
सुरक्षा एजेंसियों ने 32 वर्षीय मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी को गिरफ्तार किया है. आरोपी इराक का नागरिक बताया जा रहा है और उस पर ईरान की सेना ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) से प्रशिक्षण लेने का आरोप है. रिपोर्ट्स के मुताबिक वह लंबे समय से ट्रंप परिवार को निशाना बनाने की योजना तैयार कर रहा था.
सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था
दरअसल, छह साल पहले बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी मारे गए थे. यह ऑपरेशन डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर किया गया था. जांच एजेंसियों का कहना है कि अल-सादी इस हमले को अपने गुरु की हत्या मानता था और तभी से ट्रंप परिवार के खिलाफ बदले की भावना रखता था.
इवांका के घर की कर रहा था रेकी
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पास फ्लोरिडा स्थित इवांका ट्रंप के घर का पूरा ब्लूप्रिंट मिला है. एजेंसियों का दावा है कि वह काफी समय से इलाके की रेकी कर रहा था और हमले की तैयारी में जुटा था.
पूर्व सैन्य अधिकारी का बड़ा दावा
वाशिंगटन स्थित इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची एंतिफाध कनबर ने दावा किया कि सुलेमानी की मौत के बाद अल-सादी खुलेआम कहता था कि इवांका ट्रंप को मारना होगा और ट्रंप परिवार को उसी तरह तबाह करना चाहिए, जैसे उनके कमांडर को मारा गया था.



