PM Modi Security Breach:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को बेंगलुरु में आर्ट ऑफ़ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नए बने ध्यान मंदिर का उद्घाटन किया. वे संगठन के 45वें वर्षगांठ समारोह और गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मदिन उत्सव में शामिल हुए. कार्यक्रम से पहले बेंगलुरु में पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश हुई. दरअसल, शहर के बाहरी इलाके में स्थित कार्यक्रम स्थल से थोड़ी दूर पर दो जिलेटिन स्टीक्स बरामद किए गए हैं. जिससे सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया. विस्फोटक बेंगलुरु के कागलीपुरा के एक आश्रम के पास से मिले है, जो कार्यक्रम स्थल से महज 3 किलोमीटर दूर था, जिसमें पीएम मोदी शामिल हुए.
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु सेंट्रल रेंज के डीआईजी ने कहा कि पीएम मोदी के आने से पहले जांच के दौरान दो जिलेटिन स्टीक्स फुटपाथ के किनारे से बरामद की गई, जो मुख्य कार्यक्रम से करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर था. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरन्त इलाके को घेर लिया. इसके बाद मौके पर बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को भेजा गया. जहां बरामद सामग्री की जांच की गई. इस मामले में आगे की जांच फिलहाल जारी है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अधिकारी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर जिलेटिन स्टिक्स उस जगह तक कैसे पहुंचीं और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी.
कार्यक्रम के दौरान संबोधन में क्या बोले प्रधानमंत्री?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्ट ऑफ़ लिविंग के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिव्य और भव्य ध्यान मंदिर का लोकार्पण हुआ है. जब संकल्प स्पष्ट हो तो हर प्रयास का सुखद परिणाम मिलता है. हम सभी कमल की छत्रछाया में है. श्री श्री रविशंकर जी ने 45 साल पहले आर्ट ऑफ लिविंग का बीज बोया था. आज इसकी हजारों शाखाएं अनगिनत लोगों को स्पर्श कर रही हैं. सेवा पर्मों धर्म है. यह हमारे समाज का स्वभाविक चरित्र है. कोई भी अभियान तब सफल होता है जब उसके साथ समाज की शक्ति जुड़ जाती है. ऐसे हर महत्वपूर्ण मिशन के लिए समाज की शक्ति को जागृत करना आवश्यक है. जब समाज सक्रिय हो जाता है, तब देश की सबसे बड़ी चुनौतियां का भी सामूहिक समाधान निकाला जा सकता है.



