Fire News: आज बुधवार (18 मार्च) के दिन मध्य प्रदेश के इंदौर, दिल्ली, राजस्थान, चंडीगढ़ से लेकर यूपी- गुजरात तक आग का तांडव दिखाई दिया. सबसे पहली खबर एमपी के इंदौर से आई, जहां तीन मंजिला मकान में आग लेकर से 8 लोगों की मौत हो गई. वहीं राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा राजस्थान के जालोर जिले में तेल टैंकर पलटने से आग लग गई. जिसमें टैंकर का ड्राइवर जिंदा जल गया. इसके अलावा चंडीगढ़ के सेक्टर 22 में मोबाइल फोन मार्केट में आग लग गई. वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है. अहमदाबाद में कालूपुर रेवड़ी बाजार में भी आग लग गई.
इंदौर में 8 लोगों की मौत
इंदौर में इलेक्ट्रिक कार टाटा पंच में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई. जिसने 3 मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया समेत 8 लोगों की मौत हो गई और जबकि चार लोग घायल हो गए. बुधवार तड़के करीब साढ़े 3 से 4 बजे के करीब घटना हुई. कार से घर तक आग फैल गई और अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया. धमाके की वजह से मकान का एक हिस्सा ढह गया. घर के अंदर लगे डिजिटल लॉक नहीं खुल पाए. जिसकी वजह से लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला.
दिल्ली के पालम में 9 लोगों की जलकर मौत
दिल्ली के पालम इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई. आग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. 2 लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, वो गंभीर रूप से घायल हो गए. फायर सर्विस के कर्मियों ने 10 लोगों का रेस्कयू किया. आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने के लिए 30 गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ीं. हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं. जिस इमारत में आग लगी है, वहां बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और स्थायी टिन की शेड बनी हुई चार मंजिलें हैं. इसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर कपड़ों और कॉस्मेटिक की दुकानें हैं. जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर लोग रहते हैं. पहले इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर कॉस्मेटिक दुकान पर आग लगी थी जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपर की मंजिलों तक फैलती चली गई. बताया जा रहा है कि इस पूरी बिल्डिंग में 22 लोगों का परिवार रहता है जिसमें से 10 से 12 लोग गोवा घूमने गए है. जो घर के अंदर थे वो चपेट में आ गए.
यह भी पढ़ें: “महिलाओं को अनकंफर्टेबल फील होता है, वो टपोरी की तरह…” राहुल गांधी पर BJP सांसद कंगना रनौत का निशाना
राजस्थान के जालोर में ड्राइवर जिंदा जला
राजस्थान के जालोर जिले में जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे पर तेल टैंकर पलटने से आग लग गई. जिसकी वजह से सड़क पर 200 मीटर तक आग की लपटें फैल गई. हादसे में टैंकर का ड्राइवर जिंदा जल गया, जबकि हेल्पर समय रहते कूद गया. करीब एक घंटे बाद फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया. टैंकर गुजरात की तरफ जा रहा था और सिंवाड़ा ओवरब्रिज पर पलट गया. टैंकर में कौनसा ज्वलशील पदार्थ भरा था, उसका पता नहीं चल पाया है.
चंडीगढ़ में मोबाइल फोन मार्केट में लगी आग
चंडीगढ़ के सेक्टर 22 में मोबाइल फोन मार्केट में आग लग गई. आग बुझाने के लिए फायर टेंडर तैनात किए गए. आपदा प्रबंधन अधिकारी संजीव कोहली ने बताया कि यहां कोई लैब है. लैब में केमिकल का इस्तेमाल होता है. अभी हमारी कोशिश है कि आग आस-पास की बिल्डिंग में ना फैले. अभी आग बुझाने में समय लगेगा. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हमारी फायर की पूरी टीम लगी है. 15 के करीब गाड़ियां हम इस्तेमाल कर चुके हैं. काउंसलर दमनप्रीत सिंह ने कहा कि यह फोटोग्राफिक सामग्री है, जैसे फ्रेम, जिन्हें प्रिंट किया जाता है और फिर केमिकल्स का इस्तेमाल करके चिपकाया जाता है, जिसके बाद लैमिनेशन किया जाता है. यह सब ज्वलनशील है. वे घंटों से इसे बुझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली है. अब तक छह-सात गाड़ियां खाली हो चुकी हैं दो पीछे से, तीन आगे सेऔर कुछ गाड़ियां फिर से भरने के लिए जा रही हैं.
गाजियाबाद में फैक्ट्री में लगी भीषण आग
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है. आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं. अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
अहमदाबाद के कालूपुर रेवड़ी बाजार में लगी आग
गुजरात के अहमदाबाद में कालूपुर रेवड़ी बाजार में आग लग गई. आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने के प्रयास जारी हैं.



