PM Modi Israel Visit:भारत और इज़राइल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौजूदगी में MoU पर हस्ताक्षर किए. इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ जॉइंट प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे और भारतीय प्रतिनिधिमंडल के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं प्रधानमंत्री नेतान्यहू का फिर से आभार करता हूं. 9 वर्ष पहले मुझे इज़राइल की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य मिला था. एक बार फिर यहां आना मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण है. कल मुझे इज़राइल की संसद को संबोधित करने का अवसर मिला, वहां मुझे स्पीकर ऑफ़ द नेसेट मेडल से सम्मानित किया गया. मैं इस सम्मान के लिए इज़राइल के स्पीकर, प्रधानमंत्री और यहां के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं. इसे मैं 140 करोड़ भारतवासी और भारत-इज़राइल मित्रता को समर्पित करता हूं.
“तकनीक हमारी भावी साझेदारी का केंद्र है”
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की मज़बूत आधारशिला पर स्थापित है. आज हमने अपनी समय परीक्षित साझेदारी को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है. यह दोनों देशों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है. आज की बैठक में हमने अपने सहयोग को नई दिशा और तेज गति देने पर चर्चा की. हमारा आर्थिक सहयोग, ग्रोथ, इनोवेशन और साझा समृद्धि का इंजन बना हुआ है. आपसी निवेश को बढ़ावा देने के लिए हमने पिछले वर्ष द्विपक्षीय निवेश समझौता अग्रीमेंट किया, हम जल्द ही पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौता को अंतिम रूप देंगे. तकनीक हमारी भावी साझेदारी का केंद्र है, आज हमने क्रिटिकल एंड एमर्जिंग टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप स्थापित करने का निर्णय लिया है. इससे AI, क्वांटम और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग को गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर नंबर-1 नेता बने PM मोदी, 100 मिलियन फॉलोअर्स पूरे, ट्रंप भी छूट गए पीछे
“इज़राइल में UPI के इस्तेमाल के लिए समझौता किया गया”
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे खुशी है कि इज़राइल में UPI के इस्तेमाल के लिए समझौता किया गया है. डिजिटल स्वास्थ्य के लिए भी हम अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. रक्षा के क्षेत्र में हमारा दशकों पुराना विश्वसनीय सहयोग रहा है, पिछले वर्ष हुए MoU से इसमें नए आयाम जुड़ेंगे. हम मिलकर संयुक्त विकास, संयुक्त उत्पादन और प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण की दिशा में आगे बढ़ेंगे. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कृषि सहयोग का लंबा और सफल इतिहास रहा है. आज हमने इस सहयोग को भविष्यवादी दिशा देने का संकल्प लिया है. इज़राइल के सहयोग से भारत में स्थापित उत्कृष्टता के केंद्र हमारी मित्रता के उत्तम उदाहरण है. इनकी सफलता देखते हुए हमने इनकी संख्या 100 तक ले जाने का लक्ष्य रखा है.
“इज़राइल में किसी की भी आंख सूखी नहीं रही”
इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह एक शानदार दौरा है, एक शानदार विज़िट का शानदार अंत. यह छोटी लेकिन बहुत ज़्यादा फलदार और दिल को छूने वाली मुलाकात थी. मुझे लगता है कि कल नेसेट में आपके दिल को छूने वाले बयान के बाद इज़राइल में किसी की भी आंख सूखी नहीं रही. मैं आपको बता सकता हूं कि तब से हमें न केवल अपने दिलों में गहराई से देखने का मौका मिला है, बल्कि हमारे दोनों देशों में मौजूद शानदार दिमागों को देखने का भी मौका मिला है.



