PM Modi Instagram Followers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन यानी 10 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है. यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले राजनेता बन गए हैं. सोशल मीडिया पर प्रभावशाली उपस्थिति उनकी लोकप्रियता को दर्शाती है. 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़ने के बाद पीएम मोदी ने पिछले एक दशक में अपने अकाउंट को दुनिया के नेताओं के बीच सबसे अधिक सक्रिय और सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले प्लेटफॉर्म में शामिल किया है.
प्रधानमंत्री की इस उपलब्धि पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि पीएम मोदी का इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करना विश्व पटल पर उनके प्रति अटूट जनविश्वास और गहरे जुड़ाव का परिचायक है. इस विशिष्ट उपलब्धि तक पहुंचने वाले वह दुनिया के पहले राजनेता हैं. यह उनके प्रभावशाली नेतृत्व तथा समाज के हर वर्ग के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की उनकी अनूठी कार्यशैली को दर्शाती है.
“सहज पद्धति लोकतंत्र को नई शक्ति प्रदान करती है”
रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने आगे लिखा कि प्रधानसेवक के रूप में उनकी यह वैश्विक लोकप्रियता भारत के बढ़ते सम्मान और सामर्थ्य का प्रतीक भी है. करोड़ों नागरिकों, विशेषकर युवाओं, के साथ डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से निरंतर जुड़े रहने और डायरेक्ट कनेक्ट बनाए रखने की उनकी सहज पद्धति लोकतंत्र को नई शक्ति प्रदान करती है.
यह भी पढ़ें: मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि, नाबालिगों का यौन शोषण हुआ, शंकराचार्य फंसे
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने कहा कि जो लोग सवाल उठाते हैं, उन्हें देखना चाहिए कि मेरे प्रधानमंत्री की लोकप्रियता दिन-ब-दिन कैसे बढ़ रही है. आज भी, उनके साथ जुड़ने वाले फॉलोअर्स के मामले में उन्होंने एक नया लैंडमार्क, एक नया रिकॉर्ड बनाया है. मेरा मानना है कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि आप मेरे प्रधानमंत्री का जितना ज़्यादा बिना किसी आधार के विरोध करेंगे, उनकी लोकप्रियता उतनी ही बढ़ेगी.
“वो इन्फ्लुएंसर के भी इन्फ्लुएंसर हैं”
वहीं बिहार से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर (Maithili Thakur) ने कहा कि शायद वह 100 मिलियन फॉलोअर्स पार करने वाले पहले पॉलिटिशियन हैं. वो इन्फ्लुएंसर के भी इन्फ्लुएंसर हैं. उनको सुनकर भी लोग काफी प्रभावित होते हैं और मैं भी उनमें से एक हूं. भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले नेता हैं. यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री मोदी कितने लोकप्रिय हैं.



