Farooq Abdullah Firing:जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात एक शादी समारोह के दौरान जानलेवा हमला हुआ. लेकिन पुलिस के जवानों ने अपने साहस से गोली की दिशा बदल दी. जिससे हत्या की कोशिश नाकाम हो गई और फारूक अब्दुल्ला की जान बाल-बाल बच गई. घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अल्लाह मेहरबान है. मेरे पिता बाल-बाल बचे थे. अभी डिटेल्स साफ़ नहीं हैं, लेकिन जो पता चला है वह यह है कि एक आदमी लोडेड पिस्टल लेकर पॉइंट-ब्लैंक रेंज में आ गया और गोली चला दी. सिर्फ़ क्लोज़ प्रोटेक्शन टीम ने ही गोली को डिफ्लेक्ट किया और यह सुनिश्चित किया कि हत्या की कोशिश नाकाम हो जाए. इस समय जवाबों से ज़्यादा सवाल हैं, जिनमें यह भी शामिल है कि कोई Z+ NSG प्रोटेक्टेड पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया.
“ये नशे के प्रचलन से जुड़ी घटना है”
मामले को लेकर जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि पुलिस के पास ये मामला है. इतना जरूर है कि ये नशे के प्रचलन से जुड़ी घटना है हालांकि जब पूरी बात बाहर आएगी तभी हम इस पर कुछ कह पाएंगे लेकिन शुक्र है कि सब सुरक्षित हैं. (हमलावर) पुलिस स्टेशन में है. पहले जांच होगी फिर कोई कार्रवाई होगी. हथियार इस समारोह के अंदर कैसे गया इसकी भी पूरी जांच होनी चाहिए. हम इसे सुरक्षा में चूक मानते हैं. एक के बाद एक ऐसे हादसे हो रहे हैं तो क्यों हो रहे हैं. पूरी सुरक्षा होनी चाहिए. जिस पार्टी ने इस देश के लिए सबसे ज्यादा बलिदान दिए हैं, उसके कार्यकर्ताओं को पूरी सुरक्षा दी जानी चाहिए.
यह भी पढ़ें: “मम्मी आखिरी बार देख लो फिर शायद न दिखूं…” युद्ध के मैदान से 169 लोगों को लाने वाली पायलट दीपिका की कहानी
“वहां तलाशी होनी चाहिए थे”
नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC)नेता ऐजाज़ अहमद जान ने कहा कि डॉक्टर साहब(फारूक अब्दुल्ला) शादी में गए थे, हम सभी लोग उनके साथ थे. हम सभी एक साथ रवाना हो रहे थे कि तभी पीछे से एक व्यक्ति तेज रफ्तार से भागता हुआ आया और उसने उन(फारूक अब्दुल्ला) पर रिवॉल्वर रखा और फायर कर दिया लेकिन फायर मिस हो गया. बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है. इतने हाई प्रोफाइल नेता कहीं मौजूद थे, वहां तलाशी होनी चाहिए थे. एक बंदूकधारी कार्यक्रम के अंदर तक पहुंच गया. फारूक साहब बिल्कुल ठीक हैं. उसे(हमलावर को) पुलिस स्टेशन में रखा हुआ है अब पुलिस ही बता सकती है कि क्या बात है.
“आतंकवादी घटना की साजिश नजर नहीं आती”
भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा कि जम्मू शहर में देर रात एक शादी समारोह में गोलीकांड का मामला सामने आया है. ये बेहद चिंताजनक और बहुत ही गंभीर मामला है. उस शादी समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला साहब भी मौजूद थे. गोली चलाने वाले व्यक्ति को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और तमाम सुरक्षा एजेंसियां और जम्मू-कश्मीर पुलिस छानबीन कर रही हैं. सुरक्षा एजेंसियां परत-दर-परत तमाम एंगल को खंगाल रही हैं. हालांकि जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि इस गोली कांड में किसी भी प्रकार से कोई आतंकवादी घटना की साजिश नजर नहीं आती परंतु फिर भी तमाम एंगलों को खंगाल रही हैं. भगवान का शुक्र है कि वे सभी लोग जो शादी समारोह में शामिल थे, जिसमें फारूक अब्दुल्ला भी शामिल हैं वे सुरक्षित हैं.



