Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया. जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा. मैं आपसे पूछता हूं कि केजरीवाल जेल गया, क्या रॉबर्ट वाड्रा जेल गया? संजय सिंह जेल गया, क्या राहुल गांधी जेल गया? मनीष सिसोदिया जेल गया, क्या सोनिया गांधी जेल गईं? कांग्रेसी किस मुंह से बात करते हैं, उन्हें शर्म नहीं आती? केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस उनपर हमलावर हो गई है. कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि भाजपा ने उन्हें बरी किया है ताकि वे पंजाब व गुजरात में भाजपा के स्टार कैंपेनर की तरह काम करें और कांग्रेस को रोकें.
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए उन्हें (केजरीवाल) गिरफ्तार किया गया था. वे छूटते ही कांग्रेस के ऊपर हमला कर रहे हैं, इसका क्या मतलब है? वे(AAP)भाजपा की बी टीम है. राहुल गांधी के ऊपर तो 32 मामले हैं, आप तो केवल एक ही मामले में रोने लगें… वे(अरविंद केजरीवाल) महाझूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं.
“हम अन्याय के खिलाफ लड़ते रहे हैं”
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी (Pramod Tiwari) ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस का इस ओर बहुत स्पष्ट रुख है. हम अन्याय के खिलाफ लड़ते रहे हैं, लड़ते रहेंगे और किसी मामले पर रोएंगे नहीं. राहुल गांधी पर तो 40-40 मुकदमे हैं, हम इसका दृढ़ता से सामना करेंगे. भाजपा को धन्यवाद कि उन्होंने गुजरात व पंजाब का चुनाव देखते हुए ये कुछ किया है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष जारी, अमेरिका ने कहा पाकिस्तान अच्छा प्रदर्शन कर रहा
“न्यायालय ही इस देश को बचा सकती है”
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह को बीजेपी ‘रेनकोट’ कहती थी और उन पर 2G, 5G,जीजाजी जैसे घोटालों का आरोप लगाते थे, लेकिन कोर्ट ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया. राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी चंडीगढ़ कोर्ट ने बरी कर दिया है. न्यायालय ही इस देश को बचा सकती है.



