Donald Trump : अमेरिका को ईरान के साथ जंग में लग रहा है कि चीन और रुस ईरान की मदद कर रहे हैं। यही कारण है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें नहीं लगता कि चीन या रूस ईरान युद्ध में शामिल हैं साथ ही उन्होंने धमकी दी कि अगर दोनों देशों ने इस युद्ध में दखल दिया तो इसके गंभीर नतीजे होंगे और यह उनके लिए अच्छा नहीं होगा।
चीन ने दिया आश्वासन
अपनी बात को सही साबित करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हाल ही में बीजिंग में हुई उनकी मुलाकात के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें भरोसा दिया था कि वे किसी भी हाल में ईरान को हथियार नहीं देंगे। चीनी कंपनियों के लिए भी यही चीज लागू है। ट्रम्प ने कहा मुझे जिनपिंग पर यकीन है। उन्होंने यह भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी उनसे कहा था कि वे ईरान को हथियार नहीं बेचेंगे।
पुतिन से बातचीत जारी
ट्रम्प ने कहा कि यूक्रेन जंग के बावजूद उनकी पुतिन से बातचीत जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका सीधे यूक्रेन को हथियार नहीं बेचता, बल्कि नाटो देशों को बेचता है। नाटो देश इन हथियारों की पूरी कीमत चुकाते हैं। उसके बाद वे इन्हें किस तरह आगे भेजते हैं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं होती।
हूति विद्रोहियों ने सऊदी शहर पर मिसाइल अटैक किया
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यमन में ईरान से जुड़े हूती विद्रोहियों ने कहा कि उन्होंने सऊदी अरब के जिजान शहर पर मिसाइल हमला किया है। हूती संगठन के अंसारुल्लाह मीडिया ने टेलीग्राम पर कहा कि मिसाइल हमले से जिजान शहर में कई जगह आग लग गई। इससे पहले हूती विद्रोहियों की समुद्री नाकेबंदी और सऊदी जहाजों पर हमलों के बाद सऊदी अरब ने शुक्रवार को यमन के बंदरगाह शहर होदेदा और कमरान द्वीप में हूती ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।
होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही सामान्य नहीं
समुद्री जहाजों की निगरानी करने वाली कंपनी केप्लर ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही अब भी सामान्य नहीं हुई है। कंपनी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को होर्मुज स्ट्रेट से सिर्फ 6 जहाजों के गुजरने की पुष्टि हुई। यह एक दिन पहले के मुकाबले 60 फीसदी कम है। वहीं, बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही बढ़ी है। गुरुवार को वहां से 49 जहाजों के गुजरने की पुष्टि हुई।
सऊदी में संभावित खतरे को लेकर चेतावनी जारी
सऊदी अरब के यनबू गवर्नरेट में राष्ट्रीय प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली की ओर से संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सिविल डिफेंस विभाग ने लोगों से शांत रहने और अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ईरान से बातचीत जारी, परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत जारी है। अगर ईरान बात करना चाहता है तो वह सुनने के लिए तैयार हैं, लेकिन उसे परमाणु हथियार रखने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वॉशिंगटन में एक कार्यक्रम में ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई से ईरान की सैन्य ताकत को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, हमने ईरान पर बहुत जोरदार हमला किया है। ईरान के पास अब रडार नहीं हैं। उसके पास बहुत कम ड्रोन बचे हैं। कभी-कभी वे कुछ हमले करते दिखाई देते हैं, लेकिन उनके पास अब ज्यादा क्षमता नहीं बची है।”
यह भी पढ़ें –अमेरिका सबसे बड़ा हमला करने को तैयार, ईरान बोला-और भारी कीमत चुकानी होगी
यह भी देखें – बालमुकुंद आचार्य का सबसे बेबाक इंटरव्यू | राम मंदिर आंदोलन पर खुलकर बोले BJP विधायक | KBP Times


