Accident: जयपुर में मंगलवार तडके कांग्रेस विधायक हरिश चौधरी की बेटी आस्था चौधरी की कार का एक्सीडेंट हो गया। आस्था की कार विधानसभा के मुख्य गेट के सामने ट्रैफिक सिग्नल पोल और पेड़ से जा टकराई। इससे कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह हादसा मंगलवार तडके तीन बजे का बताया जा रहा है।
कुत्तों को बचाने का प्रयास
थाना साउथ में तैनात पुलिसकर्मी कैलाश के कहे अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्रेटा कार अंबेडकर सर्कल से एमएलए क्वार्टर की ओर जा रही थी। विधानसभा गेट के पास सड़क पर अचानक चार से पांच कुत्ते आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में कार चला रही युवती वाहन से नियंत्रण खो बैठी। कार सीधे पोल व पेड़ से जा भिड़ी। यही हादसे का प्राथमिक कारण माना जा रहा है।
नागौर के एड्रेस पर रजिस्टर्ड है कार
पुलिस कर्मी कैलाश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार कांग्रेस विधायक हरिश चौधरी की बेटी आस्था चौधरी के नाम पर नागौर के एट्रेस से रजिस्टर्ड है। हादसे के वक्त वही कार चला रही थीं। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। फिलहाल इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।
यह भी पढ़ें : कृषि मंत्री के स्वागत में जोरदार हर्ष फायरिंग, किरोड़ी बोले- ऐसा लगा जैसे ईरान की मिसाइल हो
यह भी देखें : जयपुर में सब्जी मंडी का बुरा हाल | लाल कोठी में गंदगी का अंबार | KBP Times Ground Report



