Israel Election : इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सहयोगी पार्टी यूनाइटेड टोरा जूडिज्म ने विपक्षी नेता गादी आइजनकोट को प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया है। जूडिज्म पार्टी को चुनाव में 7 सीटें मिली हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी ने समर्थन के बदले हरेदी समुदाय के लोगों को अनिवार्य सैन्य सेवा से छूट देने की मांग की है। इजराइल में हरेदी समुदाय को सेना में सेवा देने की अनिवार्यता को लेकर सत्तादल और विपक्ष में विरोधाभास है।
नेतन्याहू ने छूट दी लेकिन आइजनकोट विरोध में रहे
इजराइल में आमतौर पर नागरिकों के लिए सेना में सेवा देना अनिवार्य है। लेकिन हरेदी समुदाय के धार्मिक छात्रों को अब तक इससे बड़े स्तर पर छूट मिलती रही है। नेतन्याहू सरकार हरेदी समुदाय को यह छूट जारी रखने के पक्ष में रही है, जबकि आइजनकोट इसका विरोध करते रहे हैं। वे चाहते हैं कि हरेदी समुदाय के लोगों को भी सैन्य सेवा करनी चाहिए।
बाहर से समर्थन देने को तैयार जूडिज्म पार्टी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यूनाइटेड तोरा जूडिज्म ने आइजनकोट की सरकार में शामिल हुए बिना बाहर से समर्थन देने की पेशकश की है। इसके तहत पार्टी सरकार के खिलाफ होने वाले मतदान में विरोध करने के बजाय वोटिंग से दूर रह सकती है। इससे आइजनकोट को संसद में सरकार चलाने में मदद मिल सकती है।
डेमोक्रेट्स पार्टी ने अरब पार्टियों के साथ गठबंधन की अपील की
इजराइल की डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रमुख यायर गोलान ने विपक्षी दलों से अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अरब पार्टियों के पास कुल 19 सीटें हैं। इन सीटों को नजरअंदाज करना लोकतंत्र के खिलाफ होगा। द टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, गोलान ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव में चुना गया हर सांसद देश की राजनीतिक व्यवस्था का वैध हिस्सा है। इससे पहले नेतन्याहू विरोधी गठबंधन ने अरब बहुल जॉइंट लिस्ट और रा’म पार्टी के साथ सरकार बनाने से इनकार कर दिया था। डेमोक्रेट्स पार्टी के पास 8 सीटें हैं, जबकि अरब पार्टियों की जॉइंट लिस्ट को 12 और रा’म को 7 सीटें मिली हैं।
नेतन्याहू विरोधी गठबंधन ने चुनाव जीता
इस बीच विपक्षी नेता यायर लैपिड ने कहा है कि चुनाव में नेतन्याहू विरोधी गठबंधन जीता है। उन्होंने सरकार बनाने के लिए थोड़ा समय देने की अपील की है। इजराइली मीडिया के मुताबिक, नेतन्याहू विरोधी दलों को संसद की 120 में से कुल 67 सीटें मिली हैं, जबकि नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं। उनकी लिकुड पार्टी 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है। लेकिन सरकार बनाने में पेंच यह है कि यहूदी नेतृत्व वाली चार पार्टियों में से तीन- याशर, बियाचाद और इजराइल बेतेनु ने अरब बहुल जॉइंट लिस्ट और राअम के साथ गठबंधन करने से इनकार किया है। इन दलों के समर्थन के बिना विपक्ष के लिए बहुमत जुटाना मुश्किल है।
जॉइंट लिस्ट गठबंधन को जानिए
इजराइल में सभी वोटों की गिनती के बाद जॉइंट लिस्ट गठबंधन को 11 सीटें मिली हैं। यह इजराइल की अरब आबादी के अधिकारों की बात करने वाला राजनीतिक गठबंधन है। इसमें तीन अलग-अलग पार्टियां शामिल हैं। गठबंधन में अरब नेताओं के साथ यहूदी नेता भी हैं।
यह भी देखें – करवा चौथ क्यों मनाया जाता है? रानी वीरवती से जुड़ी पूरी कथा और परंपरा | Karwa Chauth


