Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर ईरान को धमकी भरी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ईरान ने हमले जारी रखे तो अमेरिका भी ऐसी कार्रवाई करेगी कि ईरान का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प् ने ने कहा, लगता है ईरान कभी नहीं सुधरेगा, लेकिन हम और संयम नहीं बरत पाएंगे। एक समय ऐसा भी आ सकता है जब हमें उस सैन्य अभियान को पूरा करना पड़ेगा, जिसकी शुरुआत हमने बहुत सफल तरीके से की थी। अगर ऐसा हुआ तो ईरान का अस्तित्व ही नहीं बचेगा। वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक नौसेना ने ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। ये हमले होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी ठिकानों पर किए गए। यह कार्रवाई ‘एम/टी किकु’ नाम के तेल टैंकर पर हुए ईरानी ड्रोन हमले के जवाब में की गई है।
ईरान बोला- अमेरिकी ठिकानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा
दूसरी ओर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि उसने कुवैत के अली अल सलेम एयर बेस और बेहरीन में अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट बेस पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। आईआरजीसी ने बयान में कहा कि अमेरिका का सीरिक शहर पर किया गया हमला होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के नियंत्रण को कमजोर नहीं कर सकता। नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों पर की गई कार्रवाई बाकी जहाजों के लिए साफ संदेश है कि उन्हें तय मार्ग का पालन करना होगा।
ईरान ने अमेरिकी हमलों को युद्धविराम का उल्लंघन बताया
ईरान के विदेश मंत्रालय ने देश के दक्षिणी तटीय इलाकों पर हुए हालिया अमेरिकी हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने इन्हें क्रूर हमला बताते हुए कहा कि यह तेहरान और वाशिंगटन के बीच हुए मेमोरेंडम ) के तहत लागू युद्धविराम का उल्लंघन है। बयान में कहा गया कि इन हमलों से साफ है कि अमेरिकी सरकार अपने वादों और प्रतिबद्धताओं की कोई परवाह नहीं करती और समझौतों को तोड़ना उसकी नीति का हिस्सा है।
ईरान में 4 जुलाई से शुरू होगा खामेनेई का अंतिम संस्कार
ईरान के सर्वाेच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह 4 जुलाई से शुरू होगा। अंतिम संस्कार समिति के प्रवक्ता ने कहा कि इससे जुड़ी तैयारियां कई बार पूरी कर ली गई थीं, लेकिन युद्ध की वजह से समारोह को बार-बार स्थगित करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को इराक के पवित्र शहरों नजफ और करबला में भी अलग श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए जाएंगे। ईरान और पूरे शिया मुस्लिम समुदाय में खामेनेई का बड़ा धार्मिक और राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। यही वजह है कि उनके अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इजराइली सेना लेबनान में हिजबुल्लाह लड़ाकों पर हमला किया
इजराइली सेना ने कहा है कि उसने दक्षिणी लेबनान के नबातियेह इलाके में हिजबुल्लाह के लड़ाकों को निशाना बनाकर हमला किया। सेना के मुताबिक, इस कार्रवाई में हिजबुल्लाह के कई लड़ाके मारे गए। इजराइली सेना ने यह भी दावा किया कि उसी इलाके में हिजबुल्लाह का एक रॉकेट लॉन्चर भी नष्ट कर दिया गया।
बहरीन पर ड्रोन हमले की ओमान ने निंदा की
ओमान ने शनिवार को बहरीन पर हुए ईरानी ड्रोन हमले की निंदा की है। इसके साथ ही उसने बहरीन के प्रति अपना पूरा समर्थन जताया है। इससे पहले कतर, कुवैत और यूएई भी इस हमले की निंदा कर चुके हैं। ओमान सरकार ने बयान जारी कर कहा कि वह बहरीन की सुरक्षा, उसकी क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उसके साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है। साथ ही क्षेत्र की शांति और स्थिरता को नुकसान पहुंचाने वाली हर कार्रवाई को पूरी तरह खारिज करता है।
अमेरिका का दावा- ईरानी हमलों में सैनिकों को नुकसान नहीं
एक अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि ईरान ने बहरीन और कुवैत समेत पड़ोसी देशों की ओर कई मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। हालांकि, फिलहाल अमेरिकी सैनिकों के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। साथ ही, मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें : अमेरिका ने फिर कर दी ईरान पर एयर स्ट्राइक, ईरान बोला- सीजफायर का उल्लंघन भविष्य में पछतावे…
यह भी देखें : जयपुर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से हाहाकार | सड़कों पर कचरे का अंबार | KBP Times



