Israel Lebanon Conflict: इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच हुए सीजफायर के समझौते के कुछ घंटे बाद ही दक्षिणी लेबनान पर एक बार फिर हमला हुआ है. इजराइल ने दक्षिणी लेबनान पर फिर हवाई हमले किए हैं. इन हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई है. टाइम्स ऑफ इजराइल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल के विमान और ड्रोन ने नबातिएह इलाके में कई जगह हमले किए हैं. हमलों से कई घर और रिहायशी इमारतें तबाह हो गई है. इजराइली सेना ने तोपों से भी गोलाबारी की है. CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान-अमेरिका के बीच शांति समझौते के बाद आगे की शर्तों पर बातचीत के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ आज स्विट्जरलैंड रवाना हो गए हैं. वहीं एक्सियोस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी आज स्विट्जरलैंड रवाना हो सकते हैं.
ईरान में 480 लोगों की गिरफ्तारी
ईरान के उत्तर पश्चिम प्रांत में 480 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. ईरानी अधिकारियों का आरोप है कि गिरफ्तार किए गए लोगों का संपर्क इजराइल और अमेरिका से जुड़े नेटवर्कों से था. हालांकि यह नहीं बताया गया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ क्या सबूत मिले हैं.
हमलों के बीच इजराइल PM की भी आई प्रतिक्रिया
दक्षिणी लेबनान पर हुए हमले के बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि इजराइल अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा. वो अमेरिका के साथ भी अपने करीबी रिश्ते बनाए रखेगा. नेतन्याहू ने साफ कर दिया है कि इजराइल गाजा और लेबनान में अपने सैन्य अभियान जारी रखेगा. उनका दावा है कि गाजा में हमास पर इजराइली सेना ने दबाव और बढ़ा दिया है. पट्टी के 60 प्रतिशत से ज्यादा हिस्से पर उनका नियंत्रण है.
इजराइल की मौजूदगी तक सीजफायर बेअसर
वहीं हिजबुल्लाह के एक सांसद की ओर से कहा गया है कि जब तक इजराइल की सेना लेबनान की जमीन पर मौजूद है. तब तक किसी भी तरह का सीजफायर बेकार है. उनके अलावा हिजबुल्लाह के प्रतिनिधि अली फय्याद ने कहा कि अगर हमला और टारगेटिंग जारी रहती है तो सीजफायर का कोई मतलब नहीं रह जाता. आत्मरक्षा का अधिकार पूरी तरह जायज है और इस पर कोई बातचीत नहीं हो सकती. उन्होंने दावा किया कि यही हालात बने रहे तो इजराइल को लेबनान से पीछे हटने पर मजबूर कर देंगे.
यह भी पढ़ें: “मेरे साथ फोटो खिंचाने के लिए गिड़गिड़ाई मेलोनी…” डोनाल्ड ट्रंप के बयान से अमेरिका-इटली की बीच छिड़ी बहस



