LPG Crisis in India: मध्य पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर अब देश के कई राज्यों की रसोई तक पहुंच गया है. कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति एक तरह से ठप सी हो गई है दूसरी तरफ घरेलू गैस के लिए भी लोग अब सड़कों पर उतर आए हैं. इसी बीच पंजाब और उत्तर प्रदेश से दुखद खबरें सामने आई है. पंजाब के बरनाला में गैस सिलेंडर की लाइन में लगे एक बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में 75वर्षीय बुजुर्ग गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे इस दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सीपीआर और हार्ट पंप देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन जब उन्हें अस्पताल ले जाया, उनकी मौत हो चुकी थी.
सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे थे बुजुर्ग
पहले मामले में, पंजाब के बरनाला जिले के गांव शैहणा में शुक्रवार को गैस सिलेंडर के लिए 66 वर्षीय भूषण कुमार लाइन में लगे हुए थे. वो सुबह पांच बजे ही गैस एजेंसी के बाहर पहुंच गए थे. वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. भूषण कुमार का 25वां नंबर था. वे अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे कि तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया. वहां मौजूद लोगों ने उन्हें तुरन्त संभालने की कोशिश की लेकिन कुछ ही क्षणों में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर भूषण कुमार के परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले गए.
यह भी पढ़ें: इराक में अमेरिकी एंबेसी को बनाया निशाना, मिसाइल से हेलीपैड को उड़ाया, छाया धुएं का गुबार
बुजुर्ग की मौत से परिवार में मातम
दूसरे मामले में, उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में मोहल्ला गढ़ी खान खाना मोहल्ले के 65 वर्षीय मोहम्मद मुख्तियार अंसारी शहर के लाल सराय में स्थित गैस एजेंसी के पीछे गोदाम पर सिलेंडर लेने के लिए गए हुए थे. वे एजेंसी के पीछे स्थित गोदाम पर लाइन में लगे हुए थे. तभी उन्हें चक्कर आ गया और वो गिर पड़े. वहां मौजूद लोगों ने उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की. जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.



