LPG Crisis:राजधानी जयपुर के चांदपोल स्थित संजय सर्किल पर जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आज शुक्रवार को गैस किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान लकड़ी का चूल्हा जलाकर खाना बनाया गया, साथ ही एलपीजी सिलेंडर की शव यात्रा निकालकर नाराजगी जाहिर की गई. राजस्थान और केंद्र सरकार का पुतला फूंका गया. इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, विधायक अमीन कागजी और रफीक खान सहित कांग्रेस के अनेक नेता शामिल हुए.
“बीजेपी को सत्ता में लाने का इनाम मिल गया”
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास (Pratap Singh Khachariyawas) ने कहा कि जनता को बीजेपी को सत्ता में लाने का इनाम मिल गया है. घरों की रसोई से गैस सिलेंडर गायब हो गया है. पहले गैस सिलेंडर महंगा किया, फिर कह रहे हैं कि केरोसिन देंगे, लेकिन केरोसिन भी नहीं मिलेगा. पहले ऑपरेशन सिंदूर में बीजेपी की सरकार डर गई. अब सरकार फेल भी हो गई है. जिस गरीब आदमी के घर में रोटी नहीं बन रही है उसको भी सरकार को अलग से फंड देना चाहिए. उन्होंने कहा कि जयपुर शहर में 10 हजार से ज्यादा ऑटो बंद हो गए हैं, ऑटो रिक्शा वालों के लिए सरकार को अलग से फंड देना चाहिए.
खाचरियावास ने कहा अकेले गैस का संकट नहीं है, जितनी भी एयरलाइंस कंपनियां हैं उन्होंने भी अपने रेट बढ़ा दिए हैं. जब वो रेट बढ़ा रही है तो सरकार को टैक्स कम करना चाहिए. बीजेपी सरकार फेल हो गई है इसलिए कांग्रेस सड़कों पर है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी, फूड डिपार्टमेंट में छुट्टियां कैंसिल, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
होटल-रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर
राजस्थान में गैस सप्लाई प्रभावित होने से होटल-रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर आ गए है. कई रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू में कटौती कर दी है. जयपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लगी है. होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों में इलेक्ट्रिक चूल्हे इस्तेमाल किए जाने लगे हैं. कोटा में हॉस्टल के मेस में लकड़ी और कोयले की भट्ठियों पर खाना बनने लगा है. रसोई गैस की किल्लत के बीच केंद्र सरकार ने केरोसिन का वितरण करने का प्लान किया है. सभी राज्यों को केरोसिन का आवंटन किया है. राजस्थान को 29 लाख 28 हजार लीटर का आवंटन किया गया है.



