Raj Thackeray: बृहन्मुंबई नगर निगम(BMC) सहित महाराष्ट्र की 29 नगर पालिकाओं में 15 जनवरी को वोटिंग होनी है. जिससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे के एक बयान से विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल, दादर के शिवतीर्थ मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने मराठी एकता का आह्रान किया और कहा कि राज्य की भाषा, जमीन और पहचान पर खतरा है. उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार से आए लोगों को महाराष्ट्र में हिंदी थोपने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. मुझे किसी भाषा से नफरत नहीं लेकिन अगर इसे थोपने की कोशिश करोगे तो तो मैं लात मारूंगा. राज ठाकरे के इस बयान पर सियासत तेज हो गई.
“भारत तेरे टुकड़े होंगे“
यूपी-बिहार के लोगों को लेकर राज ठाकरे के बयान पर बिहार सरकार में मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि ये सब नई बात नहीं है. इस देश में इस प्रकार की घटना होती रहती है. 140 करोड़ का ये देश इतना महान है कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ वाले को भी जवाब दे देता है, अमेरिका टैरिफ बढ़ाता है उसको भी जवाब दे देता है. इसलिए ये सब होता रहेगा और देश आगे बढ़ता रहेगा.
यह भी पढ़ें: करूर भगदड़ मामले में CBI की थलापति विजय से पूछताछ, TVK रैली में 41 लोगों की हुई थी मौत
“थप्पड़ मारते हो ये कोई बहादुरी नहीं“
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी राज ठाकरे के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि राज ठाकरे अपने घर में बैठकर बाघ बन रहे हैं. अपने घर में बैठकर कोई किसी को गाली दे सकता है. कोई गरीब वहां (महाराष्ट्र) काम करने गया है उसको थप्पड़ मारते हो ये कोई बहादुरी नहीं है. दोनों भाई साथ आ गए तो क्या कर लेंगे. राज ठाकरे, अब आप बताओगे क्या महाराष्ट्र में बिहार के लोग कौन सी भाषा बोलेंगे.



