Asaduddin Owaisi: नागपुर में एक सभा के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि मुसलमानों की कोई पॉलिटिकल एजेंसी नहीं है. अगर आप सिर्फ़ वोटर बनकर रहेंगे, तो घर पर बुलडोज़र चलेगा. BJP हो, अजीत पवार या एकनाथ शिंदे ये सभी पार्टियां आपको डराकर आपका वोट हासिल करना चाहती हैं. मजलिस आपको कह रही है कि अपनी पॉलिटिकल एजेंसी बनाइए.
“ओवैसी यह अच्छा काम अपनी ही पार्टी में शुरू करें“
वहीं इससे पहले ओवैसी ने कहा था कि भारत के भविष्य में हिजाब पहनने वाली महिला देश की प्रधानमंत्री बनेगी. जिसपर राजनेताओं की लगातार प्रतिक्रिया आ रही है. भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि संविधान किसी को नहीं रोकता. हर कोई प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकता है, लेकिन चूंकि ओवैसी अब ममदानी और न जाने किससे प्रेरित हैं, इसलिए मैं चाहता हूं कि ओवैसी यह अच्छा काम अपनी ही पार्टी में शुरू करें. उन्हें हिजाब या बुर्का पहनने वाली किसी महिला को अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहिए. अगर वह ऐसा नहीं कर सकते, तो उन्हें किसी पसमांदा मुस्लिम को नियुक्त करना चाहिए. भारत में संविधान हर किसी को वह बनने की आज़ादी देता है जो वे बनना चाहते हैं. ओवैसी को यह समझना चाहिए कि BMC में महायुति गठबंधन से एक हिंदू, मराठी मेयर चुना जाएगा.
यह भी पढ़ें: “..यह हिंदू राष्ट्र नहीं…” सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज का बड़ा बयान, कहा- राष्ट्र रहेगा, तो सब कुछ रहेगा
“हमारे मुल्क में लोकतंत्र है“
ओवैसी के बयान पर कांग्रेस नेता तारिक अनवर की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि “हमारे मुल्क में लोकतंत्र है. जनता के द्वारा जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं. जिसको जनता का आशीर्वाद मिलेगा वही प्रधानमंत्री बन सकता है.
“उनके दिमाग में यही चलेगा“
जयपुर की हवामहल सीट से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति और खासकर एक समुदाय की राजनीति करने वाले जो लोग हैं उनके दिमाग में यही चलेगा. पाकिस्तान की वे बात कर रहे हैं, आप हिंदुस्तान की बात करिए. हिंदुस्तान में रहते हैं कभी हिंदुस्तान की बात करिए. जिन लोगों को धर्म के आधार पर अपना देश चुनना था, शरिया के आधार पर अपना देश चलाना था उन्होंने जिन्ना के साथ जाने का फैसला कर लिया. कभी आप बोलते हैं कि अल्लाह को मानने वाला देश का प्रधानमंत्री बनेगा, कभी आप बोलते हैं हिजाब पहनने वाली महिला देश की प्रधानमंत्री बनेगी. आप संविधान को मानते हैं तो संविधान की बात करें.



