Jhalawad: जलदाय विभाग के इंजीनियर ने रिश्वत में ठेकेदार से iPhone क्या मांग लिया, ACB की टीम के हाथों रंगे हाथ धरे गए। शुक्रवार को ACB की टीम ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता विष्णु चंद गोयल को रिश्वत के रूप में एक महंगा आईफोन लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई विभागीय कार्यालय में की गई, जहां आरोपी को ठेकेदार से रिश्वत स्वीकार करते पकड़ा गया.
ACB की ASP प्रेरणा शेखावत ने बताया कि अधीक्षण अभियंता विष्णु चंद गोयल ने हैंडपंप मरम्मत और पाइपलाइन लीकेज रिपेयरिंग के कार्य करने वाले एक ठेकेदार के बकाया बिल पास करने के एवज में रिश्वत मांगी थी. ठेकेदार को डिबार करने की धमकी देते हुए उन्होंने iPhone की मांग की थी, जिसकी ठेकेदार ने शिकायत ACB से कर दी.
शिकायत मिलने पर ACB की झालावाड़ टीम ने मामले का सत्यापन किया. सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई. ASP प्रेरणा शेखावत के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को iPhone जिसकी कीमत करीब 84 हजार रुपए है, स्वीकार करते हुए मौके पर धर दबोचा. ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि शिकायत की पुष्टि के बाद त्वरित कार्रवाई की गई.
यह भी पढ़ें : राजस्थान शिक्षा विभाग में फिर तबादलों की आहट, 177 अधिकारियों की लिस्ट जारी
आरोपी से पूछताछ जारी फिलहाल ACB की टीम आरोपी अभियंता से पूछताछ कर रही है. मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रहार मानी जा रही है. ठेकेदारों का कहना है कि ऐसे मामलों से कार्यों में पारदर्शिता आएगी और बिल पास करने में अनावश्यक देरी रुकेगी.
यह भी देखें : अब पढ़ाने के साथ कुत्ते भी भगाएंगे मास्टरजी! शिक्षा विभाग के फरमान से शिक्षक हैरान



