Rajasthan Vice Principal Transfer List: राजस्थान शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। लंबे इंतजार के बाद 8 जनवरी को शिक्षा विभाग ने 177 अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में 167 वाइस प्रिंसिपल और 10 जिला शिक्षा अधिकारी शामिल हैं।
ट्रांसफर लिस्ट आते ही मचा सियासी और विभागीय घमासान
तबादलों का इंतजार तो काफी समय से किया जा रहा था, लेकिन लिस्ट जारी होते ही फिर से घमासान छिड़ने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले भी ट्रांसफर को लेकर शिक्षा विभाग विवादों में घिर चुका है। गौरतलब है कि सितंबर 2025 में राजस्थान शिक्षा विभाग ने पूरे प्रदेश में 4,527 प्रिंसिपलों के तबादले एक साथ कर दिए थे। इस फैसले के बाद न सिर्फ शिक्षक संगठनों में नाराजगी दिखी, बल्कि मामला राजस्थान हाई कोर्ट तक पहुंच गया।
हाई कोर्ट ने तबादला नीति पर उठाए सवाल
बीते 7 जनवरी को राजस्थान हाई कोर्ट ने शिक्षा विभाग की तबादला नीति पर कड़ी टिप्पणी की थी। कोर्ट ने साफ कहा कि ज्यादातर राज्यों में कोई प्रभावी ट्रांसफर पॉलिसी नहीं है, तबादलों को लेकर स्पष्ट नियमों की भारी कमी है. यह टिप्पणी जस्टिस अशोक जैन की एकलपीठ ने प्रिंसिपल हरगोविंद मीणा के तबादले से जुड़ी सुनवाई के दौरान की। कोर्ट ने उनके तबादले पर अंतरिम रोक लगाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। हाई कोर्ट ने कहा कि सरकार को शिक्षा कैलेंडर की पूरी जानकारी होने के बावजूद शैक्षणिक सत्र के बीच तबादले करना, यह दिखाता है कि शिक्षा व्यवस्था छात्रों की जरूरतों से ज्यादा प्रशासनिक मनमानी से चलाई जा रही है।
4527 तबादलों से शिक्षक ही नहीं, छात्र भी हुए प्रभावित
कोर्ट ने यह भी कहा कि 22 सितंबर 2025 को सत्र के बीच किए गए 4,527 प्रिंसिपलों के सामूहिक तबादलों से शिक्षक प्रभावित हुए, स्कूलों की व्यवस्था बिगड़ी
और सबसे ज्यादा नुकसान छात्रों को हुआ.
समर वैकेशन में हों तबादले, कोर्ट की साफ राय
राजस्थान हाई कोर्ट ने ऐसी परंपराओं को निंदनीय बताते हुए सरकार को सलाह दी कि तबादले शैक्षणिक सत्र के बीच नहीं, बल्कि गर्मी की छुट्टियों (करीब डेढ़ महीने की समर वैकेशन) में किए जाने चाहिए।



