Spain Train Accident: स्पेन में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हो गई. स्पेनिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए. बताया जा रहा है कि एक ट्रेन ने दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलने पर तुरन्त राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकाला.
मैड्रिड-अंडालूसिया रेल मार्ग बंद
स्पेनिश अखबार एल पाइस की रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे हुई. एक ट्रेन सुबह 8 बजे मैड्रिड से सेविल के लिए रवाना हुई थी. इसी दौरान दूसरी ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई.हादसे के बाद मैड्रिड को दक्षिणी अंडालूसिया से जोड़ने वाली रेल लाइन बंद कर दी गई.
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, बचाव कार्य जारी
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने हादसे पर दुख जताया है. रेल नेटवर्क संचालक एडिफ ने भी घटना की जानकारी दी. उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान के मुताबिक, घायलों के इलाज और देखभाल के लिए एक स्पोर्ट्स हॉल तैयार रखने को कहा गया है.
सिग्नल फेल हुआ या मानवीय चूक?
हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. जांच में सिग्नल सिस्टम, ब्रेकिंग व्यवस्था और संभावित मानवीय चूक की पड़ताल की जाएगी. मीडिया रिपोर्ट्स में एक ट्रेन चालक के लापता होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
9 महीने पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
स्पेन में करीब नौ महीने पहले अंडालूसिया के अदामुज के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर हुई थी. उस दुर्घटना में 46 लोगों की मौत की खबर थी. लगातार सामने आ रही रेल दुर्घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
यह भी पढ़ें: “मोदी कहीं नहीं जाएगा…” खरगे की ‘बाप’ वाली विवादित टिप्पणी पर BJP का पलटवार


