Diwali 2026: दिवाली का त्योहार सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है. इस अवसर पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा की जाती है. दिवाली से पहले घरों में साफ-सफाई और सजावट का विशेष महत्व होता है.धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, स्वच्छ और व्यवस्थित घर में माता लक्ष्मी का वास होता है. ज्योतिषाचार्य प्रवीण मिश्र के मुताबिक, दिवाली की सफाई के दौरान घर में रखी कुछ अनुपयोगी चीजों को हटा देना शुभ माना जाता है. आइए जानते हैं ऐसी 7 चीजों के बारे में.
1. टूटे-फूटे बर्तन हटाएं
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में टूटे-फूटे बर्तन रखना अशुभ माना जाता है. दिवाली की सफाई के दौरान खराब या अनुपयोगी बर्तनों को अलग कर देना चाहिए। इससे घर व्यवस्थित रहता है.
2. खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान
घर में लंबे समय से पड़े खराब पंखे, मोबाइल, तार और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को हटाएं. इनकी मरम्मत करवाएं या सुरक्षित तरीके से ई-वेस्ट संग्रह केंद्र पर जमा करें.
3. पुराने और फटे कपड़े
अलमारी में वर्षों से रखे अनुपयोगी कपड़ों को बाहर निकालें. अच्छी स्थिति वाले कपड़े साफ करके जरूरतमंदों को दान कर सकते हैं. मान्यता है कि साफ-सुथरा घर सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक होता है.
4. पुराने अखबार और रद्दी
घर में जमा पुराने अखबार, बेकार कागज और रद्दी को अलग करें. इनकी रीसाइक्लिंग करवाने से घर में जगह बढ़ती है और साफ-सफाई बनाए रखने में मदद मिलती है.
5. टूटा-फूटा फर्नीचर
टूटी कुर्सियां, खराब टेबल और अनुपयोगी फर्नीचर घर में अनावश्यक जगह घेरते हैं. दिवाली से पहले इनकी मरम्मत करवाएं या जरूरत के अनुसार हटाएं.
6. खराब सजावटी सामान
दिवाली पर घर सजाने से पहले पुरानी झालरें, टूटी सजावटी वस्तुएं और खराब लाइटों की जांच करें. खराब बिजली की झालरों का इस्तेमाल करने से बचें। घर के कोनों में जमा धूल भी साफ करें.
7. पुरानी पूजन सामग्री
घर के मंदिर में रखी अनुपयोगी पूजन सामग्री और पुराने वस्त्रों को सम्मानपूर्वक अलग करें. धार्मिक परंपराओं का ध्यान रखते हुए इनका पर्यावरण अनुकूल निस्तारण करें. पूजन सामग्री को नदियों या तालाबों में डालने से बचें.
धार्मिक मान्यता: ज्योतिषाचार्य के अनुसार, दिवाली से पहले घर की सफाई करना शुभ माना जाता है. हालांकि, टूटी या पुरानी वस्तुओं से आर्थिक नुकसान होने अथवा लक्ष्मी कृपा प्रभावित होने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है.
यह भी पढ़ें: धनतेरस से लेकर दीवाली और भाई दूज कब कौन-सा त्योहार? जानें लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त और दीपोत्सव का पूरा कैलेंडर


