Urban Local Bodies Election : प्रदेश में हो रहे निकाय चुनाव में बुधवार तक 19 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इनमें बीकानेर नगर निगम के वार्ड 69 में भाजपा की लीला गहलोत और सीकर नगर परिषद में वार्ड 65 में कांग्रेस की माया देवी ने निर्विरोध जीत हासिल कर ली है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम गढ़वाल लापता हो गए। उनके बेटे राहुल चौधरी ने प्रागपुरा थाने में शिकायत दी है।
नामांकन खारिज होने से निर्विरोध जीते
चुनाव में प्रत्याशियों के नामांकन खारिज होने से कहीं कांग्रेस, कहीं भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध जीते हैं। अलवर में पूर्व सभापति शकुंतला सोनी का नगर निगम के वार्ड 52 से नामांकन रद्द हो गया। हनुमानगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस के 3 प्रत्याशियों वार्ड-37 से रोहित जावा, वार्ड-31 से लखवीर सिंह और वार्ड-52 से बंशी खन्ना का नामांकन खारिज हो गया। रोहित जावा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हैं। इससे नाराज कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया। जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गले लगकर कार्यकर्ता धन्नाराम रोने लग गया। धन्नाराम ने जोधपुर नगर निगम के वार्ड 10 से टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया था।
प्रदेश भर में प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए-
झालावाड़ – नगर परिषद वार्ड 5 में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह का नामांकन खारिज हो गया। इस वार्ड में भाजपा के प्रदीप सिंह राजावत निर्विरोध निर्वाचित हो गए। वार्ड 7 में भाजपा प्रत्याशी सागर कहार का नामांकन रद्द हो गया। यहां कांग्रेस के महेंद्र सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। डूंगरपुर नगर परिषद में वार्ड 23 से कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने से भाजपा प्रत्याशी मनन कलासुआ निर्विरोध चुने गए। वार्ड 28 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतीक बलात ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इससे भाजपा प्रत्याशी चेतन खराड़ी की जीत तय हो गई।
राजसमंद – भीम नगर पालिका के वार्ड 6 से कांग्रेस प्रत्याशी कंकू पत्नी खुमान सिंह का नामांकन निरस्त हो गया है, ऐसे में भाजपा के एक मात्र प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह निर्विरोध चुने गए। वार्ड 8 से भाजपा के प्रकाश सालवी का नामांकन निरस्त होने के बाद कांग्रेस के प्रभुदयाल नागर जीत गए। बेगूं नगर पालिका में 5, किशनगढ़बास में 2, बानसूर,अनूपगढ़, टोडाभीम, लक्ष्मणगढ़ में एक-एक पार्षद निर्विरोध चुने गए।
प्रागपुरा – नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी लापतारू कोटपूतली-बहरोड़ जिले की प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम गढ़वाल 1 सितंबर से लापता है। वे दोपहर करीब 3 बजे घर से निकले थे। बेटे राहुल चौधरी ने गुमशुदगी को लेकर प्रागपुरा थाने में शिकायत दी है। बेटे ने बताया-आसपास के क्षेत्र, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन पिता का कोई सुराग नहीं मिला। उनका मोबाइल भी बंद है।
भाजपा जिलाध्यक्ष पर नाम वापस लेने का दबाव
झालावाड़ में वार्ड 36 निवासी भूपेंद्र सिंह ने भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा पर निर्दलीय प्रत्याशी पत्नी रीता चौहान का नाम वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा- आरोप को गलत बताया।
नेता प्रतिपक्ष ने लगाया आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने ने भाजपा मुख्यालय पर झंडे लगाने के लिए नगर निगम की क्रेन लगाने को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। जूली ने एक्स पर लिखा- निकाय चुनावों में आचार संहिता लागू है, लेकिन सत्ता और सरकारी संसाधन भाजपा के चुनावी कार्यकर्ता बने हुए हैं और चुनाव आयोग सो रहा है।
बारां में 36 कार्यकर्ताओं ने बीजेपी छोड़ी
जानकारी के अनुसार बारां में नगर परिषद चुनाव से पहले भाजपा को झटका लगा है। वार्ड 39, 40 और 41 के करीब 36 कार्यकर्ताओं ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अंता विधायक प्रमोद जैन भाया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा और बारां-अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल ने इन सभी को कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
यह भी पढ़ें –बीजेपी का संकल्प पत्र; राजस्थान में 1 लाख लोगों को प्लॉट, 24 घंटे बिजली का वादा
यह भी देखें – निकाय चुनाव से पहले BJP का बड़ा शक्ति प्रदर्शन! वार्ड 13 में दिया कुमारी ने संभाली प्रचार की कमान



